लड़की का पत्र और कुएं व मंदिर की आधी-अधूरी तस्वीर, नालंदा की ये घटना सोचने को कर देगी मजबूर
बीमारी से परेशान एक युवती ने खौफनाक कदम उठा लिया। घटना नालंदा जिले के हरनौत बाजार की है। युवती ने एक पत्र लिखकर घर में छोड़ दिया था। उसपर मंदिर और कुएं की आधी-अधूरी तस्वीर थी। इससे मामले का पर्दाफाश हुआ।
हरनौत (नालंदा), संवाद सूत्र। बीमारी से परेशान एक युवती ने खौफनाक कदम उठा लिया। घटना नालंदा जिले के हरनौत बाजार की है। बाजार की 19 वर्षीय युवती ने कुएं में कूदकर जान दे दी। घर में मिले एक सुसाइड नोट से उसके आत्महत्या का पता चला। घटना के बाद से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्हें ऐसी उम्मीद नहीं थी कि प्रीति इस कदर जिंदगी से हार मान जाएगी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौंप दिया।
शुक्रवार दोपहर घर से निकली थी प्रीति
बताया गया कि लड़की शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकली थी। लेकिन वह लौटकर नहीं आई। पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई थी। खोजबीन के क्रम में एक पत्र मिला जिसे देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। उसमें लिखा था कि अब मैं नहीं मिल सकती। वहां जा रही हूं जहां से कोई नहीं लौटता। इसमें किसी का दोष नहीं है। सुसाइड नोट में मंदिर और कुएं की तस्वीर बनाने का प्रयास भी प्रीति ने किया था। पुलिस को इसका पता चला तो शव की तलाश शुरू की गई। सुसाइड नोट में बनी तस्वीर के आधार पर मंदिर के निकट बने कुएं में तलाश की गई तो उसमें शव मिल गया।
लीवर की बीमारी से थी परेशान
स्वजन के अनुसार इसी साल वह स्नातक प्रथम वर्ष की परीक्षा में शामिल हुई थी। वह लीवर की बीमारी से परेशान थी। भोजन का ठीक से पाचन नहीं होने के कारण वह ठीक से खाना नहीं खा पाती थी। इस कारण वह काफी दुबली हो गई थी। इस कारण हीनता की भावना उसके मन में घर कर गई थी। वह हमेशा तनावग्रस्त रहती थी। इसी सदमे में उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा स्वजन को सुपुर्द कर दिया गया है। घटना को लेकर लोग आश्चर्य जता रहे हैं।