Bihar: तेजस्वी बोले- राजा को धूर्त दर्जियों ने ठग दिया तो बिजेंद्र यादव ने सुनाया भूत झाड़ने वाला किस्सा
बिहार विधानसभा में मुकेश सहनी ने मंगलवार को सांड वाला किस्सा सुनाया तो सत्ताधारी दल के एक विधायक ने भाकपा माले को माओवादी कह दिया। सदन में शेरो-शायरी के साथ किस्सागोई भी खूब हुई। नंद किशोर यादव ने कहा कि तेजस्वी आजकल सुशील मोदी का पुराना भाषण पढ़ रहे हैं।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Legislative Assembly Budget Session: बिहार विधानसभा में केवल हंगामा और आरोप-प्रत्यारोप ही नहीं होते, बल्कि शेरो-शायरी का दौर भी रोज चलता है। मंगलवार को तो किस्सागोई भी हुई। पहले विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने किस्सा सुनाया। ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उसका जवाब दिया। शेरो-शायरी के दौर में पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव भी शामिल हुए। तेजस्वी ने राजा को ठगे जाने की कहानी सुनाई तो बिजेंद्र यादव ने भूत झाड़ने वाला किस्सा सुनाया। सदन में किस्सों और कहानियों के जरिये अपने विरोधी पर निशाना साधा गया।
तेजस्वी यादव के हमले का बिजेंद्र यादव ने ऐसे दिया जवाब
तेजस्वी यादव ने एक राजा का किस्सा सुनाया। राजा को दो धूर्त दर्जियों ने ठग लिया था। राजा को बताया कि वह उनके लिए देवताओं वाला वस्त्र बनाएगा। खूब तैयारी हुई। लेकिन, राजा को दिव्य वस्त्र नहीं मिला। ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव ने भूत झाड़ने वाले भगत का किस्सा सुनाया-भगत एक दिन आकाश, पाताल और दिशाओं को बांधने का दम भर रहा था। पत्नी ने उसकी हवा निकाल दी-अपनी टाट सात दिनों से टूटी पड़ी है। इसे बांध नहीं पाते हैं। चले हैं आकाश-पाताल बांधने।
सीएम भी बोलना चाहेंगे तो नहीं बोलने देंगे
नंदकिशोर यादव ने शेर के जरिए अपनी पार्टी की ताकत बढ़ने का दावा किया-चले थे अकेले, आज इतने हुए, ना तब डरे थे, ना अब डरेंगे। नंदकिशोर यादव ने यह शेर उस समय पढ़ा, टोका टोकी से आजिज आकर तेजस्वी ने कह दिया- ऐसा चलेगा तो सीएम बोलना भी चाहेंगे तो नहीं बोलने देंगे। विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने भी उन्हें टोका-सदन के अंदर धमकी की भाषा नहीं चलेगी।
सुशील मोदी का भाषण पढ़ रहे तेजस्वी यादव
नंदकिशोर यादव ने कहा कि तेजस्वी वही भाषण पढ़ रहे हैं, जो सुशील कुमार मोदी विपक्ष के नेता रहने के समय पढ़ते थे। सभाध्यक्ष ने तेजस्वी को सलाह दी-सकारात्मक बोलिए। बताइए कि राज्य कैसे आत्मनिर्भर बनेगा। तेजस्वी का कहना था कि राज्य में अपराधी आत्मनिर्भर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में ताबड़तोड़ तेल मालिश करने वाले को ही सुशासन नजर आता है।
भाकपा माले को बता दिया माओवादी
सत्तारूढ़ दल के रामप्रवेश राय ने अपने भाषण के दौरान भाकपा माले को माओवादी कह दिया। माले के सदस्य सदन के बीच में आ गए। कहने लगे कि हमको गाली दी जा रही है। सरकार सफाई दे। संसदीय कार्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि सदन में सभी माननीय हैं। कोई माओवादी-अतिवादी नहीं है।
दुबेजी को मिला पूरा मौका
कांग्रेस के विजय शंकर दुबे रोज कटौती का प्रस्ताव पेश करते हैं। उन्होंने शिकायत की-हमको तीन-चार मिनट का समय मिलता है। स्पीड पकड़ते ही ब्रेक लग जाता है। विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें कांग्रेस के लिए आवंटित 14 मिनट का समय दे दिया। समय पूरा होने के बाद उन्हें टोका गया। उनका आग्रह था-दो मिनट और दीजिए। वह समय भी उन्हें मिल गया।
मुकेश सहनी ने सुनाया सांड वाला किस्सा
मंत्री मुकेश सहनी इस बात से नाखुश थे कि उन्हें देखते ही राजद के लोग भड़क जाते हैं। सांढ़ और लाल कपड़ा जैसा मामला है। उनका कहना था कि आज तक जेल नहीं गए। थाना भी नहीं गए। अखबार की खबर से पता चला कि हम पर पांच केस है। असल में केस का जिक्र तेजस्वी ने किया था। उन्हें फिर छोटा रिचार्ज भी कह दिया था।