क्रिसमस से पहले पत्नी राजश्री संग दिल्ली गए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, बोले, दो-तीन दिनों में लौटेंगे
शादी के कुछ दिनों बाद से सरकार पर लगातार हमले कर रहे बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पत्नी राजश्री यादव (रेचल) के साथ गुरुवार को दिल्ली रवाना हो गए। सूत्रों का कहना है कि वे लालू प्रसाद के बुलावे पर गए हैं।
पटना, आनलाइन डेस्क। शादी के कुछ दिनों बाद से सरकार पर लगातार हमले कर रहे बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पत्नी राजश्री यादव (रेचल) के साथ गुरुवार को दिल्ली रवाना हो गए। समझा जाता है कि वे क्रिसमस मनाने के लिए गए हैं। हालांकि, एक बात यह भी आ रही है कि दिल्ली में स्वास्थ्य लाभ कर रहे पिता लालू प्रसाद यादव (RJD Supremo Lalu Prasad Yadav) के बुलाने पर वे पटना से रवाना हुए हैं। पटना एयरपोर्ट पर उन्होंने कहा कि दो-तीन दिनों में हमलोग वापस आ जाएंगे। नौ दिसंबर को हुई शादी के बाद पटना आए तेजस्वी 10 दिनों तक यहां रहे। गौरतलब है कि शादी के बाद उनकी यह पहली क्रिसमस होगी। पटना एयरपोर्ट से वे 10:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुए।
सरकार पर खूब हमलावर रहे नेता प्रतिपक्ष
गौरतलब है कि शादी के बाद तेजस्वी यादव 18 दिसंबर को राजद कार्यालय पहुंचे थे। यहां प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने उनका भव्य स्वागत किया था। तब तेजस्वी ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। इसके बाद भी कई मौके पर उन्होंने खासकर सीएम नीतीश कुमार पर जमकर हमले किए। सीएम की समाज सुधार यात्रा पर भी उन्होंने तंज कसा। साथ ही राज्य को विशेष राज्य के दर्जे के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा था। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की पहले अपनी सरकार और अपनी व्यवस्था सुधारें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह आपकी सरकार है तो फिर किससे विशेष राज्य का दर्जा मांग रहे हैं। खास बात यह कि तेजस्वी ने केंद्र सरकार की उस पहल की सराहना की जिसमें शादी की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष करने का बिल लाया गया है।
इन दिनों जिस तरह से बिहार में सियासी घमासान मचा हुआ है, उसको देखते हुए भी तेजस्वी का दिल्ली जाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना है कि दिल्ली से लौटने के बाद तेजस्वी के तेवर क्या रहते हैं।