कुशवाहा ने बनायी मानव कतार, कहा- बदलिए सरकार, बदलेगा बिहार; नीतीश को गरीबों की चिंता नहीं
अब रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार में मानव कतार बनायी। पटना के मिलर स्कूल के कैंपस में शिक्षा व रोजगार की मांग को लेकर बनाई गई मानव कतार में काफी संख्या में लोग पहुंचे।
पटना, जेएनएन। अब राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी (रालोसपा) के प्रमुख व पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने शुक्रवार को बिहार में मानव कतार बनायी। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर पटना के मिलर स्कूल के कैंपस में शिक्षा व रोजगार की मांग को लेकर बनाई गई इस मानव कतार में काफी संख्या में लोग पहुंचे। वहीं, बड़े-बड़े स्लोगनों के साथ कतार में पोस्टर भी लगाए गए थे। इतना ही नहीं, अन्य जिलाें में भी कतार बनायी गयी। हालांकि, रालोसपा के इस अभियान में सिर्फ विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी को छोड़कर महागठबंधन का कोई प्रमुख नेता शामिल नहीं हुआ।
पटना के मिलर स्कूल के कैंपस में लगाई गई मानव कतार में रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता माधव आनंद समेत तमाम वरीय नेता शामिल हुए। मौके पर कुशवाहा ने कहा कि बिहार में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है। केंद्र और बिहार सरकार ने शिक्षा को बर्बाद कर दिया है।
कुशवाहा ने कहा कि गरीबों के बच्चों पर नीतीश सरकार का काई ध्यान नहीं है। उन्होंने मानव कतार के माध्यम से नीतीश सरकार से शिक्षा में सुधार की मांग की। उन्होंने कहा कि हमारा स्लोगन है- बिहार को चाहिए शिक्षा और रोजगार, इसीलिए बनाई गई मानव कतार।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में सभी राजनीतिक दल अपने घोषणापत्र में शिक्षा और रोजगार को प्रमुखता दें। रालोसपा अपने चुनावी घोषणा पत्र में शिक्षा और रोजगार को प्रमुखता देगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार के हर सवाल को लेकर हम जनता के बीच जाएंगे। बिहार में शिक्षा एवं रोजगार की स्थिति खराब है। छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल रही है। रोजगार के लिए युवा दूसरे प्रदेशों में भटक रहे हैं। मौके पर पार्टी के प्रधान महासचिव माधव आनंद, राजेश यादव, फजल इमाम मल्लिक, जीतेन्द्रनाथ, अभिषेक झा, भोला शर्मा, बबन यादव और उपेंद्र पासवान उपस्थित थे।