'वक्त कैसे बदलता है...' पीएम नरेंद्र मोदी पर कीर्ति आजाद का करारा कटाक्ष
भारतीय बाजार मंदी से उबर नहीं पा रहा है। सेंसेक्स में गिरावट जारी है। हालांकि बुधवार को शेयर बाजार में आंशिक बढ़त दिखी जबकि मंगलवार को जबर्दस्त गिरावट हुई थी।
पटना, जेएनएन। भारतीय बाजार मंदी से उबर नहीं पा रहा है। सेंसेक्स में गिरावट जारी है। हालांकि बुधवार को शेयर बाजार में आंशिक बढ़त दिखी, जबकि मंगलवार को जबर्दस्त गिरावट हुई थी। मंगलवार को सेंसेक्स में 707 प्वाइंट की गिरावट दर्ज की गई थी। इसी को लेकर दरभंगा के पूर्व सांसद कीर्ति आजाद ने इशारों ही इशारों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है। बुधवार को कीर्ति ने ट्वीट कर पीएम को केंद्र में भाजपा सरकार बनने के पहले वर्ष 2014 में दिए गए बयान की याद दिलाई है।
लोकसभा चुनाव 2019 से ठीक पहले भाजपा से कांग्रेस का दामन थामने वाले कीर्ति आजाद ने अपने ट्वीट में लिखा है- 'वक्त कैसे बदलता है...'। इसके साथ ही उन्होंने अपने ट्वीट के साथ एक फोटो टैग किया है, जिसमें पीएम के बयान को उद्धृत किया गया है, जिसमें लिखा है- 'रुपया उसी देश का गिरता है, जिस देश की सरकार भ्रष्ट व गिरी हुई हो।'
कहा जा रहा है कि इस बयान के माध्यम से केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के पहले पीएम मोदी ने तत्कालीन यूपीए सरकार पर तंज कसा था। आज स्थिति वही है। एक बार फिर देश में रुपये का गिरना जारी है। शेयर बाजार भी नहीं संभल रहा है। इसी पर कीर्ति आजाद ने ट्वीट कर पीएम मोदी के उनके दिए गए बयान की याद दिलाई है और लिखा- 'वक्त कैसे बदलता है...'
गौरतलब है कि बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने देश में मंदी के पीछे 'सावन-भादो' को मुख्य कारण बताया था। इसके बाद उनके इस बयान को भी सोशल मीडिया पर यूजर्स ने ट्रोल किया। साथ ही बिहार के सियासी गलियारे में भी विपक्ष ने आड़े हाथों लिया।
इसे भी पढ़ें: केले के पेड़ से अब चमकेगी किसानों की किस्मत, होगी इनकम ही इनकम... जानें इनकी खूबियां