लालू यादव के समर्थन में खुलकर आए जीतनराम मांझी, सुशील मोदी पर कही बड़ी बात
लालू प्रसाद यादव के समर्थन में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी खुलकर आ गए हैं। उन्होंने सुशील कुमार मोदी पर कही बड़ी बात।
पटना [राज्य ब्यूरो]। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के समर्थन में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी खुलकर आ गए हैं। डिप्टी सीएम सुशील मोदी के आरोप पर पलटवार करते मांझी ने कहा है कि लालू प्रसाद यादव मरते दम तक संघ से समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने भाजपा नेता सुशील मोदी के उस बयान पर आपत्ति जताई है, जिसमें कहा गया है कि लालू संघ के संपर्क में हैं।
मांझी ने कहा कि लालू प्रसाद यादव सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ा रहे हैं। संघ और भाजपा चाहे लाख कोशिश कर लें, पर उनके रहते न ही कोई संविधान में आरक्षण खत्म कर सकता है, न ही मुसलमानों पर अत्याचार कर सकता है। उन्होंने कहा कि अब जब भाजपा और सीएम नीतीश कुमार को लगने लगा है कि लोक सभा चुनाव में बिहार की जनता उनके बहकावे में नहीं आने वाली तो इन लोगों ने विकास का मुद्दा छोड़कर भ्रम फैलाने के लिए नया शिगुफा छोड़ा है।
उन्होंने कहा कि सुशील मोदी के आरोप में कोई सच्चाई नहीं है। लालू यादव शुरू से संघ के विरोधी रहे हैं और आजीवन रहेंगे भी। उन्होंने कहा कि ये नीतीश कुमार के जैसे नहीं हैं कि नारा देते हैं मिट्टी में मिल जाउंगा, पर संघ से हाथ नहीं मिलाऊंगा। लेकिन सत्ता के लोभ में संघियों के साथ जा खड़े होते हैं।