इतने निम्न स्तर की बात तो लालू भी नहीं कर सकते, जदयू ने पूछा- क्या बेटे-बेटियां नहीं मानते उनकी बात
Bihar Politics मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के प्रवक्ता ने इस पर विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि इस टिप्पणी को देखकर आश्चर्य होता है। लगता है कि लालू या तो अपने बच्चों को कुछ समझाते नहीं हैं या बच्चे ही उनकी कोई बात मानते नहीं हैं।
पटना, ऑनलाइन डेस्क। Bihar Politics: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की दूसरी बेटी रोहिणी आचार्य के एक ट्वीट ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। रोहिणी आचार्य के नाम से बने इस अनवेरिफाइड अकाउंट से बिहार में भाजपा के बड़े नेता, राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वर्तमान में राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी पर तीखी टिप्पणी की गई है। इस ट्वीट के बाद जदयू ने लालू परिवार पर निशाना साधा है। जदयू ने कहा है कि इतने निम्न स्तर की बात तो खुद कभी लालू ने भी नहीं की होगी।
जदयू के प्रवक्ता ने जताया टिप्पणी पर विरोध
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के प्रवक्ता निखिल मंडल ने इस ट्वीट पर विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि इस टिप्पणी को देखकर आश्चर्य होता है। इसे देखने के बाद लगता है कि लालू या तो अपने बच्चों को कुछ समझाते नहीं हैं, या बच्चे ही उनकी कोई बात मानते नहीं हैं। उन्होंने रोहिणी के ट्वीट को अमर्यादित बताते हुए कहा कि आप जवाब दें, लेकिन उम्र की भी कुछ मर्यादा तो होनी चाहिए। अपने से बड़ों के प्रति ऐसे शब्दों का इस्तेमाल तो नहीं किया जा सकता है। खुद लालू यादव ने भी कभी ऐसी निम्न भाषा का इस्तेमाल नहीं किया होगा।
मुझे आश्चर्य होता है कि @laluprasadrjd जी अपने बच्चों को समझाते नही है या फिर ये बच्चे अपने पिता की बात मानते नही है।
आप जवाब दें,पर क्या जवाब के क्रम में हम अपने से बड़ों को कुछ भी कह देंगे।
सच्चाई ये है कि लालूजी ने भी इतने निम्न स्तर पर जाकर @SushilModi जी को कुछ नही बोला। pic.twitter.com/V8aIyIK4Hw
— Nikhil Mandal (@nikhilmandalJDU) May 21, 2021
आक्रामक बयानों के लिए बन रही पहचान
रोहिणी आचार्य के इस अनवेरिफाइड ट्विटर अकाउंट की पुष्टि हालांकि हम नहीं करते हैं, लेकिन इस हैंडल से पहली बार ऐसा ट्वीट नहीं किया गया है। इस हैंडल से भाजपा के वरिष्ठ नेता को मुंह थूर देने की चेतावनी दी गई। एक के बाद एक कई ट्वीट में काफी कुछ भाजपा नेता के बारे में कहा गया है। इस ट्विटर हैंडल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के खिलाफ भी बहुत आक्रामक भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
बेबाक तरीके से अपनी बात रखने का दावा करती हैं रोहिणी
रोहिणी का दावा है कि वह अपनी बात बेबाक तरीके से रखती हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने पिता लालू यादव की तरह निडर हैं। उन्हें खुद राजनीति से कोई मतलब नहीं है, लेकिन अगर कोई उनके भाई- बहन के बारे में गलत बोलेगा तो उसे जवाब दिया जाएगा।