जदयू अध्यक्ष ललन सिंह का बड़ा बयान, NDA ने नहीं दिया साथ तो यूपी-मणिपुर में अकेले लड़कर जीतेंगे चुनाव
राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने जदयू के प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में कहा कि हम यूपी और मणिपुर में एनडीए के भागीदारों के साथ भी बात करेंगे। अगर वे हमें इन राज्यों में अपना साथी नहीं बनाते हैं तो हम अकेले चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे।
जागरण टीम, पटना। हाल की में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने शनिवार को पटना में बड़ा बयान दिया है। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में ललन ने कहा कि हमारा लक्ष्य जदयू को राष्ट्रीय पार्टी बनाना है। उन्होंने कहा कि मैंने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर मणिपुर और उत्तर प्रदेश में पार्टी नेताओं के साथ चर्चा की है। हम राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के भागीदारों के साथ भी बात करेंगे। अगर वह हमें इन राज्यों में अपना साथी नहीं बनाते हैं, तो हम अकेले चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे।
राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने अरुणाचल प्रदेश की याद दिलाते हुए कहा कि पिछले चुनाव में वहां हमने 15 सीटों पर विधानसभा का चुनाव लड़ा था, जिसमें सात पर जीत हासिल की थी। ललन ने कहा कि अरुणाचल की तरह ही हम दूसरे राज्यों में भी चिह्नित करके अपनी पार्टी के उम्मीदवार खड़ा करेंगे। जदयू अध्यक्ष ने कहा कि 15 साल में नीतीश कुमार के किए गए कार्यों की वजह से पार्टी के कार्यकर्ता उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के सीएम का संदेश हर घर तक पहुंचाने के साथ जदयू को राष्ट्रीय पार्टी बनाना ही अब मेरा लक्ष्य है। बता दें कि जदयू की कमान मिलने के बाद शुक्रवार को ललन सिंह पहली बार बिहार की राजधानी पटना पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पार्टी को मजबूत बनाने की बात कही थी।
लोजपा छोड़कर जदयू में आए भगवान सिंह कुशवाहा
जदयू के प्रदेश कार्यालय में ललन सिंह की मौजूदगी में शनिवार को लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) छोड़कर पूर्व मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने जदयू का दामन थाम लिया। पार्टी के सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही भगवान को जदयू उपाध्यक्ष बना दिया गया है। इस मौके पर पूर्व मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि युवाओं को जदयू से जोड़ा जाएगा। नीतीश के नेतृत्व में पार्टी को नए मुकाम तक पहुंचाने का प्रयास रहेगा।