जदयू के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में उठा किसानों का मुद्दा, बोले नीतीश- बिहार में किसानों के हित में लगातार चल रहे काम
जदयू के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में 26 राज्यों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में पैक्स के माध्यम से हो रही अधिप्राप्ति बिहार विधान सभा अरुणाचल प्रदेश का मुद्दा सहित देश की आर्थिक व राजनैतिक स्थिति पर भी चर्चा हुई
पटना, राज्य ब्यूरो। जदयू प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में शनिवार( 26 दिसंबर) को जदयू के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में किसानों के हित के लिए लगातार काम चल रहे। किसान आंदोलन के संदर्भ में चली बात को ध्यान में रख जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष की हैसियत से मुख्यमंत्री ने विस्तार से यह बताया कि बिहार में सरकार के स्तर पर किसानों को किस-किस तरह की सुविधाएं मिल रहीं।
पैक्स व अन्य सहूलियतों पर हुई बात
मुख्यमंत्री ने कहा बिहार में पैक्स के माध्यम से धान की अधिप्राप्ति पूरी सहूलियत के साथ पूर्ण गति से हो रही। उन्होंने इस बारे में बैठक कर धान अधिप्राप्ति सीमा को बढ़ाने का निर्देश दिया था। निबंधन की औपचारिकता को भी खत्म किया गया है। देश की वर्तमान राजनैतिक, सामाजिक और आर्थिक स्थिति पर भी चर्चा हुई। इन मुद्दों से संबंधित प्रस्ताव रविवार को होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिए जाएंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव पर भी चर्चा
बैठक में हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू के परफार्मेंस पर भी चर्चा हुई। यह कहा गया कि चुनाव में पार्टी की स्थिति पर प्रखंडवार समीक्षा भी चल रही है। मुख्यमंत्री ने बिहार में ग्रामीण विकास के क्षेत्र में चल रहे कार्यों की भी चर्चा की। यह भी कहा कि आने वाले समय में किस तरह से सरकार गांवों के विकास के लिए नयी योजनाओं पर काम शुरू करेगी।
संगठन के विस्तार की बात और रेफरेंस अरुणाचल का भी आया
राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में पार्टी के संगठन को अन्य राज्यों में विस्तार दिए जाने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए पार्टी आने वाले समय में अपनी सक्रियता और बढ़ाएगी। इस क्रम में बतौर रेफरेंस अरुणाचल प्रदेश की भी चर्चा हुई। मालूम हो कि अरुणाचल में जदयू के सात में छह विधायक शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए थे। यह बताया गया कि अरुणाचल में नगर निकाय चुनाव में जदयू ने काफी मजबूती के साथ चुनाव लड़ा है।
ये रहे मौजूद
बैठक के आरंभ में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी ने विषय प्रवर्तन किया। इस मौके पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह, राष्ट्रीय महासचिव आरसीपी सिंह, आफाक अहमद खान, लोकसभा में जदयू संसदीय दल के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, प्रदेश जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव व कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।
जदयू की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक पटना में जदयू प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में शुरू हो गई है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बिहार के सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बैठक चल रही है। बैठक में देश भर से जदयू के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। बैठक में पश्चिम बंगाल के विधान सभा चुनाव और अरुणाचल प्रदेश सहित देश भर के मुद्ददों पर चर्चा होगी।
जदयू से मिली जानकारी के अनुसार बैठक में भाग लेने के लिए झारखंड, यूपी, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, कर्नाटक , तमिलनाडु, असम , अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, पंजाब, हरियाणा व दिल्ली से जदयू के प्रतिनिधि पहुंचे हैं। कल 27 दिसंबर को सुबह 11:30 बजे से बैठक होगी। दोपहर 2:30 बजे से राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी। जदयू के कार्यक्रम में देश भर से आए प्रतिनिधियों के लिए बिहारी व्यंजन विशेष रूप से परोसे जाएंगे।