JDU MLA ने दी BJP नेता को धमकी-गोलियों से छलनी कर दूंगा, वीडियो वायरल
गोपालगंज में भाजपा नेता को जदयू विधायक ने गोलियों से छलनी करने की धमकी दी है। मामला जमीन विवाद का है, इसका वीडियो वायरल होने के बाद जदयू विधायक ने बदनाम करने की साजिश करार दिया है।
पटना [जेएनएन]। गोपालगंज में रास्ते को लेकर शुरू हुए विवाद में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुखिया शिव कुमार उपाध्याय ने जदयू के विधायक अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू पांडेय पर गोलियों से छलनी करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिव कुमार उपाध्याय भाजपा जिला कार्य समिति के सदस्य हैं। जबकि, विधायक पप्पू पांडेय बिहार के बाहुबली सतीश पांडेय के भाई हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद सिंह के नेतृत्व में शिवकुमार उपाध्याय ने मंगलवार को वरीय पुलिस अधिकारियों से मिलकर पप्पू पांडेय पर कार्रवाई करने की मांग की।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि सोमवार की शाम को शिव कुमार उपाध्याय कहीं जा रहे थे, तभी पीछे से जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय की गाड़ी का काफिला पहुंचा और ओवरटेक कर उनकी गाड़ी को रोक दिया गया। पप्पू पांडेय गाड़ी से उतरे और गाली-गलौज करने लगे। साथ ही गोलियों से छलनी कर देने की धमकी भी दी। इस मामले में उचकागांव थाने में विधायक ने लिखित आवेदन दिया है।
घटना के बाद जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू पांडेय ने कहा कि कुछ लोग मुझे बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। शिव कुमार उपाध्याय के परिवार से मेरे पिछले 18 वर्षों से अच्छे संबंध रहे हैं। मैं उन्हें कभी धमकी नहीं दे सकता हूं। वहीं, गाली-गलौज दिये जाने के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि बेवजह विवाद पैदा किया जा रहा है।