Move to Jagran APP

शुरू हुआ जदयू का देशव्यापी सदस्यता अभियान, पांच रुपये देकर बनिए सदस्य

संपूर्ण क्रांति दिवस पर जदयू का देशव्यापी सदस्यता अभियान आज पूरे देश में एक साथ शुरू हुआ। इसकी शुरुआत पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की। सदस्यता शुल्क मात्र पांच रुपये हैं।

By Kajal KumariEdited By: Published: Sun, 05 Jun 2016 01:34 PM (IST)Updated: Mon, 06 Jun 2016 10:16 AM (IST)
शुरू हुआ जदयू का देशव्यापी सदस्यता अभियान, पांच रुपये देकर बनिए सदस्य

बिहार वेबडेस्क। संपूर्ण क्रांति दिवस पर जदयू का देशव्यापी सदस्यता अभियान आज पूरे देश में एक साथ शुरू हुआ। इसकी शुरुआत पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की। जदयू ने पहले दिन ही बिहार में 25 लाख लोगों को नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है।

loksabha election banner

अभियान के तहत आज सबसे पहले पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को साधारण सदस्य बनाया, इसके बाद मुख्यमंत्री ने भी प्रदेश अध्यक्ष को पार्टी का साधारण सदस्य बनाया।

वशिष्ठ ने कहा- नहीं दी नीतीश को ज्यादा सदस्य बनाने की इजाजत

जदयू के सदस्यता अभियान की शुरूआत करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि 'जदयू ने सदस्यता अभियान की प्रक्रिया बदल दी है' अब एक सक्रिय सदस्य केवल 25 सदस्य ही बनाएगा।उन्होंने कहा कि 'नीतीश जी और ज्यादा सदस्य बनाना चाहते थे' लेकिन हमने इसकी इजाजत नहीं दी।

क्या है सदस्यता अभियान की शर्तें

जदयू के सदस्यता अभियान के तहत बूथ स्तर पर ही पार्टी के तमाम सदस्य बनाए जाएंगे। इसके लिए सभी मंत्रियों, विधान पार्षदों और विधायकों को उनके विधानसभा क्षेत्र के उस बूथ पर तैनात कर दिया गया है, जहां के वे खुद वोटर हैं।

विधानसभा चुनाव के हर मतदान केंद्र पर दो-दो सक्रिय सदस्य बनाया जाना है। सक्रिय सदस्य बनने के लिए कम से कम 25 साधारण सदस्य बनाने होते हैं। किसी कार्यकर्ता ने 25 सदस्य बनाएं हैं, इसे वार्ड अध्यक्ष प्रमाणित करेंगे। सदस्यता अभियान की प्रक्रिया 30 जून तक पूरी कर ली जाएगी।

इस अवधि में तीस जून तक चलने वाले इस अभियान में 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

सदस्यता अभियान के दौरान ही पंचायत, प्रखंड, जिला और राज्य संगठन के चुनाव का कार्यक्रम जारी होंगे।

सभी राज्यों में प्रखंड से प्रदेश संगठन तक चुनाव हो जाने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का भी चुनाव होगा।

नीतीश बूथ संख्या 305 से बनाएंगे 25 सदस्य

मुख्यमंत्री दीघा विधानसभा के राजभवन स्थित बूथ संख्या 305 के 25 मतदाताओं को जदयू का सदस्य बनाकर खुद सक्रिय सदस्य का दर्जा पाएंगे। इस बूथ के मतदाता जदयू कार्यालय आये। यहां मुख्यमंत्री ने उनसे 5-5 रुपये की फीस लेकर साधारण सदस्यता की रसीद दी। मुख्यमंत्री को सक्रिय सदस्य का प्रमाणपत्र दीघा विधानसभा के वार्ड नंबर 9 के जदयू अध्यक्ष सोनू कुमार देंगे।

पटना में इन्हें मिली जिम्मेदारी

जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह ललन बुद्धा काॅलोनी, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक लोहानीपुर, एमएलसी डॉ. रणवीर नंदन अनीसाबाद में रामलखन सिंह यादव कॉलेज के बूथ संख्या 340, प्रदेश महासचिव रवींद्र सिंह फलवारीशरीफ के मराची गांव और डॉ. नवीन आर्या बोरिंग रोड के मोंटेसरी स्कूल में सदस्यता अभियान चलाएंगे।

कोसी में अभियान चलाएंगे शरद

जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव रविवार को कोशी क्षेत्र में सुपौल, सहरसा और मधेपुरा में सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे। शरद खुद भी 25 लोगों को पार्टी का सदस्य बनाएंगे।

बड़ी संख्या में लोग बनेंगे सदस्य : राजीव रंजन

प्रदेश जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि जदयू अकेली ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जो शराबबंदी और वृक्षारोपण जैसे सामाजिक सरोकार वाले विषयों पर रचनात्मक तरीके से काम करती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार और जदयू की नीतियों और कामकाज से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित होकर जदयू से जुड़ना चाहते हैं।

न्याय के साथ विकास, सामाजिक बदलाव और रचनात्मक राजनीति में विश्वास रखने वाले जदयू के समर्थकों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में पार्टी का सदस्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता इसमें बढ़-चढ़ कर अपनी भागीदारी निभाएंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.