लालू परिवार पर JDU का हमला: तेजस्वी को बताया गंदी जुबान वाला, तेज प्रताप की भी ली खबर
जदयू के प्रवक्ता संजय सिंह ने तेजस्वी यादव के वोट नहीं देने पर तंज किया है। इतना ही नहीं उन्होंने पूरे लालू परिवार पर बड़ा हमला किया है। पूरा मामला जानिए इस खबर में।
पटना [जेएनएन]। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे व बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित पूरे लालू परिवार पर यह जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का अब तक का सबसे बड़ा हमला है। जदयू प्रवक्ता संजय सिंह ने तेजस्वी को गंदी जुबान वाला बताया। संजय सिंह ने तेज प्रताप यादव तथा लालू प्रसाद यादव की भी जमकर खबर ली है।
तेजस्वी के वोट नहीं देने पर तंज
अपने ट्वीट में संजय सिंह ने तेजस्वी यादव के वोट नहीं देने पर तंज किया है। उन्होंने कहा है कि तेजस्वी यादव संविधान बचाने के लिए घूम घूम कर यात्रा निकाल रहे थे। पर जब वोट देने की बारी आई तो खुद निकल लिए घूमने और मौज मस्ती करने। आखिर जनता तो उनसे पूछेगी कि उन्होंने वोट क्यों नही दिया। ऐसे में उनका जवाब क्या होगा?
संजय सिंह ने तंज किया है कि क्या तेजस्वी जनता को यह बताएंगे कि चुनाव प्रचार से थक गए थे या मौज मस्ती के लिए बिहार से बाहर चले गए थे? सिर्फ जुबान से संविधान का नाम लेने से संविधान की रक्षा नहीं होती है, उसके लिए कर्तव्य भी करने पड़ते हैं। लेकिन तेजस्वी तो कर्तव्यहीन निकले।
संजय सिंह कहते हैं कि तेजस्वी यादव जी को कोई हक नही है कि वे संविधान को लेकर कुछ भी कहें, क्योंकि जिसे ये पता नहीं कि वोट का अधिकार क्या होता है, जो वोट से ज्यादा मौज मस्ती को तरजीह देता है, वो संविधान की बात कहे तो मजाक ही होगा। ट्वीट से अलग अपने बयान में संजय सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव ने अपने नए गुरु राहुल गांधी से बहुत जल्द बहुत कुछ सीख लिया है। जैसे ही चुनाव खत्म होता है राहुल गांधी भी देश छोड़कर छुट्टियां मनाने निकल जाते हैं।
लालू परिवार का चाल, चेहरा और चरित्र सब उजागर
संजय सिंह ने तेज प्रताप यादव के बाउंसरों द्वारा एक पत्रकार पर किए गए हमले की भी निंदा की। उन्होंने उनके पिता लालू प्रसाद यादव को भी नहीं छोड़ा। लिखा कि उनका (लालू परिवार का) चाल, चेहरा और चरित्र सब उजागर है। पिता (लालू प्रसाद यादव) भ्रष्टाचार के दोष में सज़ायाफ्ता है तो छोटा बेटा (तेजस्वी यादव) गंदी जुबान से राजनीतिक विरोधियों पर हमला करता है। अब बड़े बेटे ने सरेआम पत्रकारों को निजी गुंडों से पिटवा दिया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप