झुलसाने वाली गर्मी में अगमकुआं आरओबी पर भीषण जाम
पटना सिटी : अशोक राजपथ मार्ग, सुदर्शन पथ, एनएच-30 एवं ओल्ड बाईपास को जोड़ने वाले बेहद महत्वपूर्ण अगमक
पटना सिटी : अशोक राजपथ मार्ग, सुदर्शन पथ, एनएच-30 एवं ओल्ड बाईपास को जोड़ने वाले बेहद महत्वपूर्ण अगमकुआं आरओबी पर हर दिन लगने वाले जाम में लोग घंटों फंस कर परेशान हो रहे हैं। लोगों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए अब तक कोई ठोस प्रयास नहीं किया गया है। मंगलवार को भी इस पुल पर जाम लग गया। सुबह दस बजे से लेकर दोपहर बारह बजे तक सैकड़ों वाहन सेतु के चारों रास्तों पर फंसे रहे। झुलसा देने वाली गर्मी के बीच जाम में रुके वाहनों पर सवार लोग, मरीज व स्कूली बच्चे बहुत परेशान हुए। सेतु के चौराहे पर तैनात पुलिस यातायात व्यवस्था को नियंत्रित कर पाने में नाकाम दिखी। कई वाहनों के ओवरटेक करने से भी जाम की समस्या गंभीर बन गई। वाहनों से उतरे कुछ लोगों ने वाहनों को नियंत्रित कर आगे निकलने का रास्ता बनाने में पुलिस का सहयोग किया। इस जाम में एनएमसीएच और आरएमआरआइ आने वाले मरीज भी फंस कर परेशान हुए। लोगों ने बताया कि इस सेतु पर हर दिन जाम लग रहा है लेकिन लोगों को इससे निजात दिलाने का उपाय अब तक नहीं हो सका है।