रिजल्ट स्कैम : बिहार बोर्ड का ऑपरेशन क्लीन जारी, 271 कर्मियों का सामूहिक स्थानांतरण
रिजल्ट घोटाले के उजागर होने के बाद बोर्ड की व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए अॉपरेशन क्लीन के तहत बोर्ड के नए अध्यक्ष आनंद किशोर ने 271 कर्मियों का ट्रांसफर कर दिया है।
पटना [जेएनएन]। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बिहार बोर्ड) में ऑपरेशन क्लीन जारी है। बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने 271 कर्मियों का स्थानांतरण कर दिया है। बोर्ड के कई कर्मियों का स्थानांतरण इंटर काउंसिल व वहां से बोर्ड में किया गया। बोर्ड एवं काउंसिल में कुल 734 कर्मी कार्यरत हैं।
पढें - रिजल्ट घोटाला : दो दिन की रिमांड पर बच्चा, लालकेश्वर की संपत्ति कुर्क करेगी पुलिस
विदित हो कि बिहार बोर्ड हाल ही में इंटर परीक्षा में घोटाला को लेकर चर्चा में आया था। इसके बाद धीरे-धीरे होते खुलासे का क्रम अभी भी जारी है। बोर्ड में व्याप्त भष्टाचार को प्रश्रय देेने के आरोप में तत्कालीन अध्यक्ष को इस्तीफा देना पडा। अब उनपर गिरफ्तारी की तलवार भी लटक चुकी है। इस घोटाले की जड़ें बोर्ड में गहरी धंसी पाई गईं।
बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने कहा कि ऐसा बोर्ड की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए ऐसा किया गया है। तीन वर्ष से अधिक समय से एक जगह कार्यरत सभी कर्मियों को कंप्यूटर के माध्यम से रैंडम पद्धति से स्थानांतरित किया गया है। कई कर्मी तो 10 साल से ज्यादा वर्षों से एक ही जगह कार्यरत थे।
पढें - RESULT SCAM : बोर्ड के 208 कर्मचारियों का तबादला, बच्चा दो दिन की रिमांड पर
बोर्ड में 74 सहायक, 10 एडहॉक सहायक, 15 एलडीसी, सात पीए, 48 चपरासी, चार रूटीन क्लर्क, 24 प्रशाखा पदाधिकारी, 25 यूडीसी एवं 64 कंप्यूटर सहायक कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है।
अध्यक्ष ने कहा कि चपरासी अगले सोमवार से स्थानांतरित जगह पर योगदान दे देंगे। वहीं, अन्य कर्मचारी एवं अधिकारी अगले सोमवार तक अपना चार्ज देंगे। कर्मचारियों को अगले माह का वेतन स्थानांतरित जगह से ही मिलेगा। उन्होंने इस स्थानांतरण को रूटीन प्रक्रिया बताया, लेकिन चर्चा है कि ऐसा बोर्ड में व्याप्त मनमानी को खत्म कर उसे पटरी पर लाने के लिए किया गया है।