दिसंबर में होली के मौसम जैसी गर्मी
राजधानी पटना समेत आसपास के जिलों में दिसंबर के दूसरे सप्ताह में कड़ाके की ठंड क
पटना । राजधानी पटना समेत आसपास के जिलों में दिसंबर के दूसरे सप्ताह में कड़ाके की ठंड की बजाय होली के मौसम जैसी गर्मी पड़ रही है। सोमवार दोपहर धूप तल्ख रही। पटना का न्यूनतम तापमान बढ़कर 17 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अधिकतम 29.5 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी सहित पूरे प्रदेश को ठंड के लिए इंतजार करना पड़ेगा। मंगलवार की सुबह धुंध छाई रहेगी। दोपहर तल्ख धूप निकलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पटना, गया और भागलपुर में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। भागलपुर और पूर्णिया का अधिकतम तापमान बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। पटना का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और गया का अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहने की संभावना है।
सोमवार को गया का न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री और अधिकतम 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहा। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 15.7 और अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 17 दिसंबर के पहले ठंड की संभावना कम है। साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार 15 दिसंबर से तापमान में मामूली गिरावट शुरू होने की संभावना है।
--