बक्सर में अपराधियों ने युवक के सिर में मार दी गोली, स्कॉर्पियो रुकवाकर दिया वारदात को अंजाम
बक्सर में दाह संस्कार से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या। जांच में जुटी पुलिस अपराधियों की नहीं हुई पहचान।जब्त बाइक के सहारे अपराधियों तक पहुंचने का पुलिस कर रही प्रयास। स्काॅर्पियो रुकवाकर दिया वारदात को अंजाम।
By Vyas ChandraEdited By: Published: Sat, 26 Jun 2021 09:41 AM (IST)Updated: Sat, 26 Jun 2021 09:41 AM (IST)
बक्सर, जागरण संवाददाता। रामदास राय के डेरा ओपी अंतर्गत नियाज़ीपुर बांध चौक पर शुक्रवार की शाम दाह संस्कार से लौट रहे दीपक यादव (28 वर्ष) की अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी। स्कॉर्पियो से अन्य लोगोंं के साथ लौटते समय घटना को अंजाम दिया गया। मृतक बड़का सिंहनपुरा गांव निवासी विद्यासागर यादव का पुत्र था। वह फिलहाल डुमरांंव में रहता था।
मुखिया प्रतिनिधि के पिता की अंत्येष्टि से लौटते समय हुई घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार सहियार पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि शंकर सिंह के पिता के शव को लेकर दाह संस्कार के लिए स्वजन नियाजीपुर बांध स्थित गंगा तट पर गए थे। उस दाह संस्कार में शामिल होने के लिए विद्यासागर यादव का पुत्र दीपक भी पहुंचा था। दाह संस्कार में शामिल होने के बाद मुखिया प्रतिनिधि की स्कार्पियो से कुछ अन्य लोगों के साथ वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी स्कार्पियो नियाज़ीपुर बांध चौक के समीप पहुंची कि घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने गाड़ी रुकवाई और दीपक के सिर में गोली मार दी। गाड़ी में सवार अन्य लोगों को धमकाते हुए फरार हो गए। इसके बाद स्कॉर्पियो में बैठे लोगों ने घायल दीपक को तत्काल सदर अस्पताल ले गए। वहां मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्रारंभिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया। मगर पटना पहुंचने से पहले बीच रास्ते में ही दीपक ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से जब्त की स्कॉर्पियो व बाइक
इधर गोलीबारी और जख्मी होने की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी लेने में जुट गई। हालांकि, घटनास्थल पर किसी के नहीं होने और एक बाइक समेत एक स्कॉर्पियो को लावारिस पड़ा देख पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। बाद में जब मृतक दीपक का शव लेकर लोग वापस पहुंचे तब पुलिस को पूरी घटना की जानकारी मिली। ,मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की पुष्टि करते हुए ओपी प्रभारी सुबोध कुमार कुमार ने बताया कि मृतक युवक भी संदिग्ध चरित्र का था। गोली किसने मारी फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है, पर घटनास्थल से जब्त की गई बाइक के सहारे पुलिस अपराधियों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें