Move to Jagran APP

भोजपुर में निर्दयी पति ने पहले पत्नी की गला रेत की हत्या फिर मंदिर में जाकर बजाई घंटी

आरा में पति ने दिखाई हैवानियत धान काटने के बहाने खेत में ले जाकर पत्‍नी का कर दिया कत्‍ल हंसुए से रेता पत्‍नी का गला कातिल हुआ गिरफ्तार हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद धान के खेत से मिला शव

By Shubh NpathakEdited By: Published: Wed, 25 Nov 2020 12:19 PM (IST)Updated: Wed, 25 Nov 2020 12:19 PM (IST)
भोजपुर में निर्दयी पति ने पहले पत्नी की गला रेत की हत्या फिर मंदिर में जाकर बजाई घंटी
अपराध की वारदात से सन्‍न रह गया हर कोई। जागरण

पटना, जेएनएन। भोजपुर (Bhojpur) जिले के तरारी (Tarari) थाना क्षेत्र के हुड़रुआ (Hudrua) गांव में मंगलवार की सुबह एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी की धारदार हंसुआ से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। बाद में धान के खेत से महिला का शव बरामद किया गया। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त हसुआ भी बरामद कर लिया गया है। मृतका कंचन देवी (35 वर्ष) हुड़रुआं गांव निवासी भोला साह (Bhola Sah) की पत्नी थीं। घटना के मूल में दांपत्य जीवन में उपजी दरार और पति द्वारा शराबखोरी किए जाने की बात शुरुआती जांच में सामने आ रही है। पुलिस पकड़े गए पति से पूछताछ कर हर एंगल पर तफ्तीश कर रही है। घटना को लेकर मृतक के पुत्र अप्पू कुमार ने केस दर्ज कराया है।

loksabha election banner

धान काटने के बहाने में खेत में ले गया था और कर दिया कत्ल

बताया जाता है कि हुड़रुआं गांव निवासी भोला साह सुबह करीब सात बजे धान काटने के लिए पत्नी कंचन देवी (Kanchan Devi) को अपने साथ लेकर गांव के बधार स्थित धान के खेत में गया हुआ था। इस दौरान निर्दयी पति ने  हसुआ से गला रेत कर उसकी हत्या कर दी। साथ ही शव को धान के खेत में ही छिपा दिया।

हसुआ और हाथ में खून लगा देखकर ग्रामीणों को हुई शंका

इधर, पत्नी की हत्या करने के बाद कातिल पति जब हसुआ लेकर घर लौट रहा था तो हसुआ व हाथ में खून लगा देखकर ग्रामीणों और परिवार के सदस्यों को शंका हुई। इसके बाद जब ग्रामीणों ने पूछताछ शुरू की तो उसने पत्नी की हत्या किए जाने की बात स्वीकार की। यह जानते ही ग्रामीणों ने हसुआ समेत हत्यारे पति को बंधक बना लिया। बाद में इसकी सूचना तरारी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अरविंद कुमार वहां पहुंच गए। पति को खून लगे हसुआ  समेत गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में दोपहर के आसपास मृत महिला के शव को धान के खेत से बरामद किया गया। धारदार हसुआ से गला रेता हुआ था।

18 साल पहले हुई थी कंचन की शादी

रोहतास जिले के नटवार थाना के खैरा-भुधर गांव निवासी अलगू साह की पुत्री कंचन की शादी करीब 18 साल पूर्व तरारी थाना के  हुड़रुआं गांव निवासी मिठु साह के पुत्र भोला  साह के साथ हुई थी। दांपत्य जीवन के दौरान दो पुत्रों की प्राप्ति हुई थी। जिनका नाम अप्पू व प्रिंस कुमार हैं। घटना के समय दोनों अपने घर पर थे। बाद में सूचना मिलने पर मृतका का भाई अशोक साह तरारी पहुंच गया। मृतका के भाई के अनुसार उसका बहनोई नशे का आदि था। बहन विरोध करती थी। इधर, हत्या के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया ।ह परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास के लोग ढांढस बंधाने में लगे थे।

पत्नी की हत्या करने के बाद मंदिर में जाकर बजाया घंटी

इधर, यह भी बात सामने आ रही कि हुड़रूआ गांव निवासी भोला साह गांव के बधार स्थित धान के खेत में अपनी पत्नी कंचन देवी की हत्या करने के बाद फरार नहीं हुआ। घटना को अंजाम देने के बाद वह सीधे अपने गांव में चला आया। गांव में आने के बाद मंदिर में घंटी बजाई, लेकिन उस समय किसी को शक नहीं हुआ। ग्रामीणों को लगा कि ऐसे ही माथा टेकने जाने के बाद घंटी बजा रहा है। बाद में जब हत्या का राज खुला तो चर्चा शुरू हो गई। ग्रामीण इसे लेकर कई तरह की चर्चा कर रहे हैं।

पत्नी की गतिविधियों को लेकर था शक, इसलिए कर दिया खून

बताया जाता है कि गिरफ्तार भोला साह को पत्नी की गतिविधियों को लेकर तरह-तरह का शक था। इसके चक्कर में आकर उसने पत्नी कंचन देवी को रास्ते से हटाने की ठान ली थी। एक पुलिस अधिकारी ने भी इसकी पुष्टि की है।  एक रोज पहले भी भोला साह जब शराब पीकर आया था तो घर में पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था। लोगों को लगा था कि ऐसे ही पत्नी के साथ पीकर झगड़ा कर रहा है। किसी को भी आभास नहीं था कि वह उसकी हत्या कर देगा। इस दौरान वह मंगलवार को धान काटने के बहाने बधार में ले गया। जिसके बाद धारदार हथियार से बेरहमी पूर्वक उसकी हत्या कर दी। जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई।

एक हफ्ते के अंदर गिरफ्तार पति के विरुद्ध चार्जशीट दाखिल करेगी पुलिस

इधर, पति द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने के बाद पीरो डीएसपी अशोक कुमार आजाद ने भी मौके पर जाकर छानबीन की। पकड़े गए आरोपित पति से पूछताछ की। अधिकरियों के अनुसार इस मामले में  पकड़ें गए पति के विरुद्ध एक हफ्ते के अंदर कोर्ट में आरोपपत्र समर्पित किया जाएगा। पुलिस बुधवार को कोर्ट में उसे प्रस्तुत करेगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.