पति ने पत्नी को अंधेरे में दिया धोखा, नालंदा के सुनसान इलाके में ले जाकर किया ये हाल
नालंदा में एक सिरफिरे पति ने पत्नी को धोखा दिया है। पत्नी का आरोप है कि उसके पति ने उसे अंधेरे में बुलाकर उसके सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। फिलहाल महिला गंभीर हालत में पीएमसीएच में भर्ती है।
रहुई(नालंदा), संवाद सूत्र । नालंदा में एक पति अपनी पत्नी की जान लेने की कोशिश की है। रात के अंधेरे में पत्नी को घर से बाहर बुलाकर उसके सिर में गोली मार दी और वहां से फरार हो गया। पूरी घटना जिले के रहुई थाना क्षेत्र के कायपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक शनिवार की रात सिरफिरे पति ने घर से बाहर बुलाकर पत्नी के सिर में गोली मार दी। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
'पति ने सिर में मारी गोली'
घटना के संबंध में विधि-व्यवस्था डीएसपी ने बताया कि महिला घर में सो रही थी, इसी दौरान उसे किसी बहाने घर से बाहर बुलाया और पाचीटाड़ा गांव के पास ले जाकर उसके सिर में गोली मार दी। डीएसपी ने बताया कि पीड़ित महिला ने बताया कि उसके पति ने ही गोली मारी है। घायल पत्नी का कहना है कि अंधेरा होने के कारण गोली मारने के बाद उसका पति वहां से फरार हो गया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस गश्ती दल के द्वारा सड़क के किनारे गंभीर हालत में पड़ी महिला को उठाकर बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने इलाज के बाद गंभीर हालत में महिला को पीएमसीएच रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार फिलहाल महिला की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है। वहीं जख्मी हालत में महिला सोनी देवी ने गोली मारने का आरोप पति कारु यादव पर लगाया है।
'जांच में जुटी पुलिस'
घटना के बारे में कोई भी स्पष्ट बात सामने छनकर नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच मेंं जुट गई है। रहुई थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। इस संदर्भ में अभी तक किसी प्रकार का आवेदन भी नहीं दिया गया है। बहरहाल पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच कर मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।