पटना की महिला ने पति पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, हेल्पलाइन पहुंचकर बोली-गंंदी हरकत करता था
महिला हेल्पलाइन में बुधवार को गांधी मैदान की रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है। महिला ने अपने आवेदन में कहा है कि शादी के बाद पति द्वारा उसके साथ गलत काम किया जाता था।
पटना, जागरण संवाददाता। महिला हेल्पलाइन (Women Helpline) में बुधवार को गांधी मैदान की रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है। महिला ने अपने आवेदन में कहा है कि शादी के बाद पति द्वारा उसके साथ गलत काम किया जाता था। ससुराल वाले भी उसपर अत्याचार करते हैं। इस मामले का महिला हेल्पलाइन ने संज्ञान लिया है। इस मामले में महिला के पति को तलब किया गया है। लेकिन वह आ नहीं रहा।
2012 में हुई थी शादी, तब से झेल रही प्रताड़ना
पीड़िता ने आवेदन में बताया कि उसकी शादी 2012 में हुई थी। शादी के बाद बहुत खुश थी लेकिन यह पता नहीं था कि ससुरालवाले उसका जीवन नारकीय कर देंगे। शादी के बाद से ही ससुरालवालों का व्यवहार उसके प्रति बदल गया। खासकर उसका पति शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। उसके साथ दुष्कर्म करता था। ससुराल वाले भी दहेज और छोटी-छोटी चीजों के लिए मारपीट करते थे। तंग आकर उसने हेल्पलाइन में शिकायत की है। मामले का संज्ञान लेते हुए महिला हेल्पलाइन ने आरोपित पति से संपर्क किया है। हेल्पलाइन की प्रोजेक्ट मैनेजर प्रमिला कुमारी ने बताया कि महिला पति से संपर्क किया गया है। वह अभी बिहार से बाहर है। अभी वो आने को तैयार नहीं है। लेकिन जल्द ही उसको बुलाकर मामले की जांच की जाएगी। इसके बाद जो जरूरी कार्रवाई होगी वह किया जाएगा।
नशीला जूस पिला इ-रिक्शा चुराया: कोतवाली थाना क्षेत्र के हड़ताली मोड़ पर नशीला जूस पिला ई-रिक्शा चुराने का एक मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक बदमाश ने पहले ई रिक्शा चालक से दोस्ती की। बाद में उसने जूस में नशीला पदार्थ मिला उसे चालक को पिला दिया। अचेत होने के बाद बदमाश ई रिक्शा लेकर फरार हो गया। हालांकि घटना की शिकायत अभी थाने में नहीं की गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें इसके बारे में मौखिक जानकारी मिली है। पीडि़त की शिकायत के बाद पुलिस कार्रवाई करेगी।
नल चोरी करते गिरफ्तार: रेलवे पुलिस ने ट्रेन के रैक से नल चोरी करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान कदम कुआं के पूर्वी लोहानीपुर निवासी अमित कुमार पासवान के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि बुधवार को राजेंद्र नगर यार्ड के स्टेबल लाइन में संपूर्ण क्रांति एक्स ट्रेन खड़ी थी। तभी अमित ने ट्रेन के रैक से चार फैंसी नल चोरी कर लिया। नल का मूल्य 3600 रुपए है। चोरी का पता चलते ही आरोपित को धर दबोचा गया।