अरवल में सड़क हादसा, दंपत्ति की मौत, ग्रामीणों ने NH-139 किया जाम
अरवल में शनिवार को सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे में दंपत्ति की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैफिक कुव्यवस्था का आरोप लगा ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी।
जहानाबाद, जेएनएन। अरवल में शनिवार को सड़क दुर्घटना में दंपत्ति की मौत हो गई। अनियंत्रित दिशा से आ रहे ट्रक ने बाइक सवार दंपत्ति को पहले ठोकर मारी फिर कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसे के बाद चालक ग्राड़ी लेकर फरार हो गया। इधर दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-139 पर जाम लगा दिया। काफी देर बाद पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीण शांत हुए। मृतक की पहचान जहानाबाद विधायक सुदय यादव के चलाक के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक मकदूमपुर के शेरफुआ का रहने वाला केशव यादव जहानाबाद विधायक सुदय यादव की गाड़ी का चालक था। शनिवार की सुबह वह किसी काम से बाइक पर अपनी पत्नी के साथ निकला था। जैसे ही अरवल के एनएच-139 पर पहुंचा कि दुर्घटना का शिकार हो गया। परसबिगहा थाना क्षेत्र के बढ़ेता छिलका के समीप अनियंत्रित दिशा से आ रहे ट्रक ने केशव की बाइक में ठोकर मार दी। भागने के चक्कर में चालक दोनों को कुचलते हुए आगे निकल गया। इससे घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैफिक कुव्यवस्था का आरोप लगाकर 139 पर जाम लगा दिया।