राजधानी में उमस ने छुड़ाया लोगों को पसीना
राजधानी में मानसून के कमजोर होने के कारण फिलहाल उमस से लोगों की परेशानी काफी हुई।
पटना। राजधानी में मानसून के कमजोर होने के कारण फिलहाल उमस से लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है। सुबह से शाम तक लोग पसीना से तरबतर हो रहे हैं। शनिवार को दोपहर में उमस इतनी ज्यादा बढ़ गई कि लोगों को न घर में राहत मिल रही थी, न ही बाहर। लोग दिनभर पसीना पोछते रहे। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि राजधानी में रविवार को हल्की बारिश हो सकती है। वर्तमान में मानसून की अक्षीय रेखा बिहार के बक्सर से लेकर बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। उधर, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। रविवार के बाद इसे उत्तर-पश्चिम की ओर आगे बढ़ने की उम्मीद है। उसके बाद देश के मैदानी भागों में बारिश में तेजी आएगी। प्रदेश के कुछ इलाके में स्थानीय कारकों से फिलहाल बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को पटना, गया पूर्णिया एवं भागलपुर में बारिश नहीं हुई। आजकल बारिश नहीं होने और तेज धूप होने के कारण ही वातावरण में उमस बढ़ जा रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.7 एवं न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शहर की हवा में आर्द्रता 72 फीसद दर्ज की गई। - 12 घंटे में जलस्तर में दो सेंटीमीटर आई कमी जागरण संवाददाता, पटना : गंगा के जलस्तर में कमी आने लगी है। 12 घंटे के अंदर जलस्तर में दो सेंटीमीटर कमी आई है। गंगा गांधीघाट के पास खतरे के निशान से सिर्फ 51 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। दीघा में गंगा खतरे के निशान से 1.23 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। इलाहाबाद और वाराणसी में भी जलस्तर स्थिर हो गया है। पुनपुन नदी श्रीपालपुर में खतरे के निशान से 1.87 सेंटीमीटर तथा सोन मनेर में 1.36 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। जिला प्रशासन ने जलस्तर में कमी आने से राहत की सांस ली है।