इस बार कांवरिया पथ पर होंगी हाईटेक सुविधाएं, श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
इस बार कांवरियां पथ पर हाईटेक सुविधाएं रहेंगी। ठंडे पानी से कांवरियों की प्यास बुझेगी। पथ पर तीन इंच तक कंकड़ मुक्त बालू भरे जाएंगे, ताकि चलने में परेशानी न हो।
बांका [जेएनएन]। श्रावणी मेले में इस बार कांवरिया पथ पर हाईटेक सुविधाएं रहेंगी। इसके लिए बिहार सरकार बांका में पडऩे वाले 55 किलोमीटर कांवरिया पथ की सरकारी जमीन का सर्वे करा रही है। जिला प्रशासन से इसकी रिपोर्ट मांगी गई है। ताकि वहां कांवरियों की सुविधा के लिए प्याऊ, स्नानागार, शौचालय, चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम व अस्थायी थाने आदि की व्यवस्था बढ़ाई जा सके। कांवरिया पथ पर 24 घंटे बिजली की सुविधा के लिए बिजली के तार भी हटाए जा रहे हैं।
सभी दुकानों का होगा निबंधन
कांवरिया पथ पर सरकारी जमीन पर लगने वाली सभी दुकानों व होटलों का निबंधन अंचल कार्यालय द्वारा किया जाएगा। बिना निबंधन के यहां एक भी दुकानें व होटल नहीं चलेंगे। इसके साथ ही जिला प्रशासन की ओर से जारी रेट लिस्ट के मुताबिक ही कांवरियों को खाने पीने की चीजें दी जाएंगी।
कांवरिया लेंगे ठंडे व गर्म पानी का मजा
कांवरिया पथ पर 23 जगहों पर 300 स्थायी शौचालय व 10 चलंत शौचालय की सुविधा रहेगी। स्नान के लिए 14 जगहों पर 310 झरना, तीन जगहों इनावरण, अंगारी व दुम्मा में कृत्रिम झरना लगाए जाएंगे। पेयजल की सुविधा के लिए 756 चापानल, एवं 10 जगहों पर यूवी आरओ वाटर कूलर की व्यवस्था रहेगी। महिलाओं के लिए 50 जगहों पर चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। कांवरियों की थकान मिटाने के लिए चार जगहों पर सौर चालित गर्म पानी की सुविधा बहाल की जाएगी।
कांवरिया पथ को बनाया जाएगा सुगम व आरामदायक
इस बार कांवरिया पथ को सुगम व आरामदायक बनाने के लिए पथ पर पर तीन इंच तक कंकड़ मुक्त बालू भरे जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने पथ निर्माण विभाग को 28 जुलाई से पूर्व कार्य पूरा करने का निर्देश जारी किया है।
डीएम कुंदन कुमार ने बताया कि कांवरियों की सुविधा के लिए कांवरिया पथ पर इस बार हाईटेक व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए पीएचईडी, पथ निर्माण विभाग और बिजली विभाग के अधिकारियों सहित संबंधित सीओ को विशेष निर्देश दिए गए हैं।