बिहार: रास्ता भटक गया उपेंद्र कुशवाहा का हेलीकॉप्टर, रोसड़ा में उतरा तो छू-छूकर देखने लगे बच्चे
बिहार के रोसड़ा में उस समय हलचल मच गया जब उपेंद्र कुशवाहा का हेलीकॉप्टर भटक कर आ गया। बच्चे इतने कौतूहल हो गए कि उसे छू-छूकर देखने लगे। भीड़ हटाने में भी काफी परेशानी हुई।
समस्तीपुर, जेएनएन। बिहार में अभी हेलीकॉप्टर से प्रचार जोरों पर है। रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा जा रहे थे चुनाव प्रचार में समस्तीपुर के पटोरी, लेकिन उनका हेलीकॉप्टर रास्ता भटक गया और पहुंच गया रोसड़ा। शुक्रवार को रोसड़ा में बिना किसी सूचना के हेलीकॉप्टर को उतरते देख आम से लेकर खास तक आश्चर्यचकित हो गए। बच्चों की भीड़ लग गई और वे उसे छू-छूकर देखने लगे।
दरअसल रालोसपा नेता उपेंद्र कुशवाहा का हेलीकाॅप्टर शुक्रवार को अचानक रोसड़ा में उतर गया। इसे देख लोगों को काफी उत्सुकता हुई। हेलीकॉप्टर में कुशवाहा बैठे हुए थे। लोगों ने इसकी जानकारी ली। तब पता चला कि कुशवाहा को पटोरी जाना था, लेकिन रास्ता भटकने की वजह से उनका हेलीकॉप्टर रोसड़ा के जननायक कर्पूरी स्टेडियम में उतर गया है।
इधर हेलीकॉप्टर उतरते ही स्टेडियम में लोगों की भीड़ लग गई। चारों तरफ से हेलीकॉप्टर को घेरे युवा वर्ग सेल्फी लेने में जुट गया। इतना ही नहीं, सबसे ज्यादा आश्चर्य बच्चों को हो रहा था। बच्चे उसे छू-छूकर देखने लगे।
काफी देर के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वहां पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद भीड़ को हटाया गया। इसके बाद हेलीकॉप्टर पुनः पटोरी के लिए रवाना हुई। इस कारण करीब 50 मिनट तक रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा एवं पार्टी नेता धर्मेंद्र पांडे को स्टेडियम में रुकना पड़ा।