Delhi Assembly Election में जीतनराम मांझी देंगे प्रत्याशी, बिहार-झारखंड की हार से पस्त नहीं हौसले
जीतन राम मांझी और उनकी पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को भले ही पहले बिहार और इसके बाद झारखंड में बड़ी हार का सामना करना पड़ा हो पर हौसले बुलंद हैं। दिल्ली में आजमा सकते किस्मत।
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और उनकी पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को भले ही पहले बिहार और इसके बाद झारखंड में बड़ी पराजय का सामना करना पड़ा हो, बावजूद मांझी के हौसले पस्त नहीं हुए हैं। अब मांझी दिल्ली विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाने की तैयारी कर रहे हैं। संभावित है कि एक-दो रोज के अंदर मांझी दिल्ली विधानसभा के पार्टी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करें।
हम सूत्रों की मानें तो इसे लेकर जीतन राम मांझी जल्द ही दिल्ली जानेवाले हैं। वे दिल्ली प्रदेश के पार्टी पदाधिकारियों से मिलकर तय करेंगे के पार्टी दिल्ली विधानसभा में कितने उम्मीदवार खड़े करेगी। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव देवेंद्र मांझी भी दिल्ली जाएंगे।
हम के सूत्रों ने यह भी बताया कि पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव में 10-15 सीट पर किस्मत आजमाने की तैयारी में है। दिल्ली के पार्टी पदाधिकारी पूर्व से ही चुनावी तैयारी में जुटे हुए हैं। उन्हें अब इसमें तेजी लाने के निर्देश पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से दिए गए हैं। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में अपने कई कार्यालय खोले हैं। अब पार्टी कितनी सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करेगी, इसका फैसला एक-दो दिन में संभावित है।
बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव की डेट जारी कर दी गई है। अगले माह की आठ तारीख को वोटिंग तथा 11 फरवरी को काउंटिंग होगी। कुल 70 सीटों पर वहां चुनाव हाेना है। इसे लेकर पहले ही जदयू ने चुनाव लड़ने की घोषणा कर रखी है, जबकि लाेजपा ने कहा कि वह भी दिल्ली में किस्मत आजमाएगी। खास बात कि बिहार में एनडीए में शामिल घटक दल भाजपा, जदयू व लोजपा तीनों दिल्ली में अलग-अलग चुनाव लड़ेगी। हालांकि, जदयू व लोजपा ने यह फाइनल नहीं किया है कि वे कितनी-कितनी सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारेगी। गौरतलब है कि राजद भी चुनाव लड़ने का मन बना रहा है, लेकिन वह कांग्रेस के इशारे का इंतजार कर रही है।