महागठबंधन करेगा कुशवाहा का वेलकम, नेताओं ने कहा-मिलेगा उचित सम्मान
एनडीए से कुशवाहा के आउट होने की खबर पर महागठबंधन के नेताओं ने उन्हें अब जल्द फैसला लेेकर महागठबंधन में आने का न्यौता दिया है। नेताओं ने कहा है कि उन्हें पूरा सम्मान मिलेगा।
पटना [जेएनएन]। बिहार एनडीए में रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को लेकर घमासान मचा है। इधर, महागठबंधन के नेता उपेंद्र कुशवाहा से अब फैसला लेने की बात कही है। कांग्रेस नेता प्रेमचंद्र मिश्रा ने कहा है कि एनडीए में रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की पूछ नहीं, उन्हें सम्मान नहीं अपमान मिल रहा है, एेसे में उन्हें अब अपना स्टैंड क्लियर कर लेना चाहिए। उन्हें जल्द फैसला लेना चाहिए। महागठबंधन में उन्हें पूरा सम्मान मिलना चाहिए।
उदयनारायण चौधरी ने कहा-कुशवाहा साथ आएं तो विकल्प खुला
बता दें कि महागठबंधन की तरफ से काफी समय से उपेंद्र कुशवाहा को आमंत्रण दिया जा रहा है। एक बार फिर से महागठबंधन के नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने कहा कि महागठबंधन में ही उपेंद्र कुशवाहा को सम्मान मिलेगा हम उन्हें फिर से आमंत्रण दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कुशवाहा हमारे साथ आते हैं तो उनके लिए विकल्प खुला है।
उदयनारायण चौधरी ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा जिस लड़ाई के लिए आवाज उठाते हैं महागठबंधन का शुरू से ही वही स्टैंड रहा है। हम दलित, अल्पसंख्यक, गरीबों की आवाज उठाते रहे हैं। कुशवाहा अगर महागठबंधन में शामिल होने का फैसला लेते हैं तो यहां उनके लिए एनडीए से ज्यादा सम्मान मिलेगा।
अरुण कुमार भी कुशवाहा के समर्थन में उतरे
बीजेपी की तरफ से भी अभी तक कुशवाहा को लेकर बहुत सकारात्मक रुख नहीं रहा है। बदली परिस्थितियों में उपेंद्र कुशवाहा से नाराज चल रहे अरुण कुमार ने एक बार फिर कुशवाहा के समर्थन में बयान दिया है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि उपेंद्र कुशवाहा एनडीए में रहते हैं या फिर साथ छोड़कर महागठबंधन में शामिल होते हैं।