Bihar Vidhan Sabha Governor Address: हर तबके के उत्थान के लिए तय होंगे नए कार्यक्रम: फागू चौहान
बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने गुरुवार को दोनों सदनों को संयुक्त रूप से संबोधित किया। 17वीं विधानसभा में राज्यपाल का यह पहला अभिभाषण था। उन्होंने कहा कि हर तबके के उत्थान के लिए नए कार्यक्रमों का निर्धारण होगा।
पटना, जेएनएन। बिहार विधानसभा के सेंट्रल हाल में गुरुवार को राज्यपाल फागू चौहान ने दोनों सदनों को संयुक्त रूप से संबोधित किया। 17वीं विधानसभा में राज्यपाल का यह पहला अभिभाषण था। उन्होंने कहा कि हर तबके के उत्थान के लिए नए कार्यक्रमों का निर्धारण होगा। राज्य सरकार के प्रयास और केंद्र के सहयोग से बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। सरकार बिना किसी पूर्वाग्रह या भेदभाव के राज्य की प्रगति के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ काम करेगी।
सरकार की उपलब्धियां गिनाने पर विपक्ष के हंगामे के बीच राज्यपाल ने कहा कि सरकार समावेशी विकास के रास्ते विकसित बिहार बनाने की ओर अग्रसर होगी। जनता ने चुनाव मे विकास के एजेंडे को स्वीकार किया है। विकास के प्रति राज्य के सभी वर्गोंं खासकर युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों में व्यापक जागरूकता दिखती है।
कोरोना काल में राहत मद में दस हजार करोड़ से अधिक खर्च
राज्यपाल ने कहा कि सरकार कोरोना की रोकथाम के लिए आरंभ से ही सचेत रही है। अलग-अलग राज्यों में फंसे 20.95 लाख लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रति व्यक्ति एक-एक हजार रुपये दिए गए। अधिक संक्रमण वाले 11 शहरों से लौटने वाले 15 लाख से अधिक लोगों को 14 दिनों तक क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया। प्रत्येक व्यक्ति पर 5300 रुपए खर्च हुए। वहीं 1.64 करोड़ राशन कार्डधारियों व राशन कार्ड के लिए चिह्नित परिवारों को एक-एक हजार रुपये दिए गए। बाहर से लौटे मजदूरों, जिनके पास राशन कार्ड नहीं थे, को भी प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत तीन महीने के लिए मुफ्त अनाज उपलब्ध कराया गया। इसके अतिरिक्त बिहार के 85 लाख परिवारों को तीन महीने के लिए मुफ्त एलपीजी सिलेंडर भी उपलब्ध कराया गया। राज्य सरकार द्वारा सभी प्रकार के राहत कार्यों पर दस हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए।
कृषि, आधारभूत संरचना व शिक्षा क्षेत्र की चर्चा
राज्यपाल ने तीसरे कृषि रोडमैप का जिक्र किया। कहा कि राज्य में जैविक खेती और मौसम के अनुकूल कृषि को अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार सभी संभव प्रयास करेगी। बिहार में आधारभूत संरचनाओं को और बेहतर बनाने के लिए सरकार काम करती रहेगी। इसी के साथ उन्होंने कहा कि शिक्षा में गुणात्मक स्तर पर सुधार के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल बिहार की सभी पंचायतों में नौवीं कक्षा की पढ़ाई की तैयारी पूरी की जा चुकी है।