गिरिराज ने पूछा- मस्जिद और चर्च से मोदी जी को वोट न देने की बात होती है, ऐसा क्यों?
गिरिराज सिंह ने पूछा कि क्या कभी मोदीजी ने मस्जिद और चर्च में इबादत से रोका है? ऐसे में मस्जिदों और चर्च में मोदी जी को वोट न देने की बात क्यों होती है।
समस्तीपुर [जेएनएन]। केंद्रीय मंत्री और बिहार के नवादा से भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि विदेशी ताकतों द्वारा भारत की अखंडता को खंडित करने का प्रयास हो रहा है। मस्जिदों और चर्च में मोदी को वोट नहीं देने की बात होती है। क्या कभी मोदी जी ने मस्जिद और चर्च में इबादत से रोका है? ये लोग जो मोदी जी को वोट नहीं देने की बात करते हैं, देश की एकता और अखंडता को तोड़ना चाहते हैं। समाजिक सद्भाव को बिगाड़ना चाहते हैं। ऐसे लोग समाज विरोधी हैं।
गिरिराज सिंह ने बढ़ती जनसंख्या पर भी सवाल खड़े किए। कहा कि जनसंख्या विस्फोट से आने वाले समय में जीने को मूलभूत प्राकृतिक चीजे नहीं मिलेंगी। सामाजिक समरसता नहीं बचेगी। हिंदुस्तान को बचाने एवं इसके विकास में सहयोग के लिए सभी राजनीतिक दलो से एवं सभी धर्म गुरुओं से (हिन्दू और मुसलमान) निवेदन है कि वे सबको कम बच्चा पैदा करने की नसीहत दे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 में भाजपा का प्रदर्शन शानदार रहेगा। केंद्र द्वारा विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिए जाने की बात पर कहा कि जब तक बिहार का विकास नहीं होगा, देश विकास नहीं कर सकता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार के विकास के लिए पूरी तरह संकल्पित हैं। विशेष राज्य का दर्जा मिलने वाले लाभ से कहीं ज्यादा केंद्र सरकार द्वारा बिहार को दिया जाना शुरू हो गया है।
दरअसल, कुछ दिन पहले भारत में कार्यरत क्रिकेट मिशनरियों में से एक दिल्ली के आर्किडोसिस के आर्कबिशप अनिल कूटो ने देश भर के चर्चों को एक पत्र जारी कर भारत सरकार और हिन्दू राष्ट्रवाद व पीएम मोदी सरकार के खिलाफ अभियान चलाने का आह्वान किया। पत्र में कहा गया था कि 2019 के लोकसभा चुनाव में एक नई सरकार के लिए चर्चों में प्रार्थना सभाओं का आयोजन करें। साथ ही इस बात को लेकर एक अभियान चलाएं ताकि देश के मतदाता वर्तमान सरकार के खिलाफ मतदान करने को प्रेरित हों।