काम की खबर: सीढ़ी चढऩे में सांस फूलने लगे तो न करें देर, डॉक्टर से करा लें हार्ट की जांच
अगर सीढ़ी चढ़ते समय सांस फूलने लगे तो आपको एक बार हार्ट की जांच अवश्य करा लेना चाहिए। इससे आपकी हार्ट की स्थिति के बारे में पता चल जाएगा। सांस फूलना हार्ट की बड़ी समस्या है।
पटना, जेएनएन। अगर सीढ़ी चढ़ते समय सांस फूलने लगे तो आपको एक बार हार्ट की जांच अवश्य करा लेना चाहिए। इससे आपकी हार्ट की स्थिति के बारे में पता चल जाएगा। सांस फूलना हार्ट की बड़ी समस्या है। हार्ट के मरीजों को सांस फूलना प्राथमिक लक्षण भी माना जाता है। हार्ट की बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक होना बहुत जरूरी है। वर्तमान में हार्ट की बीमारी लोगों के मौत का बहुत बड़ा कारण बन गई है।
ये बातें शनिवार को पटना हार्ट समिट में दिल्ली मैक्स से आए हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ.आशीष कुमार झा ने कहीं। कार्यक्रम का उद्धाटन पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं सांसद पद्मश्री डॉ.सीपी ठाकुर एवं पद्मश्री डॉ.एसएन आर्या ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का आयोजन हार्ट हॉस्पिटल के तत्वावधान में किया गया था।
मौके पर डॉ. ठाकुर ने कहा कि चिकित्सक एवं मरीजों के बीच बेहतर तालमेल होना बहुत जरूरी है। यह समय की मांग है कि चिकित्सक बीमारी के बारे में गंभीरता से अध्ययन करें। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में रिसर्च पर जोर देना बहुत जरूरी है। मौके पर डॉ.एसएन आर्या ने कहा कि चिकित्सकों को गरीब मरीजों के प्रति हमेशा दया का भाव रखना चाहिए।
मरीजों के प्रति दया का भाव ही किसी चिकित्सक को महान बनता है। इस अवसर पर आइजीआइएमएस के हार्ट विभाग के अध्यक्ष डॉ.वीपी सिंह ने कहा कि हार्ट के अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा अब पटना में भी बहाल हो गई है। इसके लिए अब राज्य से बाहर जाने की जरूरत नहीं है। यहां पर हार्ट की गंभीर बीमारियों का इलाज किया जा रहा है। कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत हार्ट हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ.राजन चौधरी ने किया। मौके पर डॉ.डीएस गंभीर, डॉ.एसएस चटर्जी, डॉ.प्रभात कुमार एवं डॉ.बीबी भारती सहित कई लोगों ने भाग लिया।