लगातार बारिश से गंगा में फिर से उफान, बक्सर में बढ़ने लगा है जलस्तर; जानिए यूपी के शहरों का हाल
लगातार बारिश से फिर उफनने लगी हैं बिहार की नदियां बक्सर में शनिवार को दो सेंमी की रफ्तार से बढ़ रहा था गंगा का जलस्तर शनिवार की सुबह आठ बजे से अपराह्न तीन बजे के बीच 13 सेंमी वृद्धि दर्ज
बक्सर, जागरण संवाददाता। Bihar Flood: बिहार और उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश का असर नदियों के जलस्तर पर भी पड़ने लगा है। बक्सर में विगत चार दिनों से लगातार कम हो रहे गंगा के जलस्तर में शनिवार की सुबह से अचानक एक बार फिर वृद्धि होने लगी थी, हालांकि आज यह क्रम थोड़ा धीमा हुआ है। केंद्रीय जल आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार सुबह आठ बजे से अपराह्न तीन बजे के बीच दो सेंमी की रफ्तार के साथ 13 सेंमी की वृद्धि दर्ज की गई है। गंगा के जलस्तर में फिलहाल लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। विगत 14 अगस्त को साल के अधिकतम लेवल तक पहुंचने के बाद दो बार वृद्धि होकर फिर जलस्तर कम होने लगा था। इस बीच शनिवार की सुबह से एक बार फिर जलस्तर में वृद्धि पाई जा रही है।
उत्तर प्रदेश के शहरों में घट रहा जलस्तर
केंद्रीय जल आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार शनिवार की सुबह छह बजे बक्सर में 57.21 मीटर जलस्तर रिकार्ड किया गया था। जबकि दोपहर 12 बजे सात सेंमी वृद्धि के साथ 57.28 मीटर तथा अपराह्न तीन बजे 57.34 मीटर दर्ज किया गया है। इस प्रकार महज नौ घंटों के अंदर 13 सेंमी की वृद्धि पाई गई है। फिलहाल जलस्तर बढऩे की रफ्तार बनी हुई है। इस बीच इलाहाबाद से मिली सूचना के अनुसार वहां जलस्तर कम होने की रफ्तार घटकर आधा सेंमी प्रति घंटे दर्ज की गई है।
कमोबेश यहींं स्थिति वाराणसी की भी बनी है। जबकि गाजीपुर में शुक्रवार की दोपहर 12 बजे से शनिवार को अपराहन चार बजे के बीच महज एक सेंमी गिरावट दर्ज की गई है। माना जा रहा है कि चक्रवाती तूफान गुलाब के असर से सहयोगी नदियों में उफान आने के कारण गंगा के जलस्तर में भी वृद्धि हो रही है। तूफान का असर समाप्त होते ही स्थिति सामान्य हो जाएगी और जलस्तर कम होने लगेगा।