फिर उफान पर नदियां, पटना में खतरे के निशान से 30 सेमी ऊपर बह रही गंगा Patna News
उत्तर एवं दक्षिण बिहार की नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण गंगा एवं उसकी सहायक नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। राजधानी में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
पटना, जेएनएन। पटना में गांधी घाट के पास गंगा खतरे के निशान से 30 सेमी ऊपर बह रही है। मध्य प्रदेश में लगातार बारिश से सोन में भी उफान है। राजधानी से सटे मनेर में भी यह खतरे के निशान को पार कर गई है। मौसम विभाग ने नेपाल की तराई क्षेत्रों में अगले दो दिन तक भारी बारिश की संभावना जताई है।
केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक बिहार की तकरीबन सभी नदियों का जलस्तर हफ्ते भर से लगातार बढ़ रहा है। दो दिनों के दौरान नदियों के पानी में तेजी से वृद्धि हुई है। मौसम विभाग के अनुमान के हिसाब से अगले दो दिनों तक यह रफ्तार बरकरार रह सकती है। पटना में गंगा नदी दो जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गई है। गांधी घाट और हाथीदह में तो पानी लगातार बढ़ रहा है। दो दिनों में जलस्तर में लगभग एक मीटर की वृद्धि हो गई है।
सोमवार को भी नेपाल स्थित जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश हुई है। इसके चलते घाघरा, गंडक, बूढ़ी गंडक, कमला एवं अधवारा समूह की नदियों में भी तेजी से पानी बढ़ रहा है। माना जा रहा है कि अगले दो दिनों के दौरान गंगा के निचले इलाके मुंगेर, भागलपुर और कहलगांव में भी पानी खतरे के निशान को पार कर सकता है। बक्सर में गंगा का जलस्तर लाल निशान के करीब पहुंच गया है। हालांकि पटना में गांधी घाट और हाथीदह को छोड़कर दीघा में अभी भी खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। दीघा में रविवार को जलस्तर खतरे के निशान से 59 सेमी नीचे था, जो सोमवार को मात्र 31 सेमी नीचे रह गया है। आगे भी तेजी से बढ़ने की संभावना है।