गणतंत्र दिवस समारोह के लिए गांधी मैदान तैयार, कल 19 टुकड़ियां परेड में दिखाएंगी करतब
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के लिए गांधी मैदान तैयार हो गया है। कल यानी रविवार को राज्यपाल फागू चौहान झंडोत्तोलन करेंगे। 17 झांकियां बिहार सरकारी की योजनाओं का प्रदर्शन करेंगी।
पटना, जेएनएन। गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के लिए गांधी मैदान तैयार हो गया है। राज्यपाल फागू चौहान कल यानी रविवार को झंडोत्तोलन करेंगे। 19 टुकड़ियां परेड में भाग लेंगीं और 17 झांकियां बिहार सरकारी की योजनाओं को लेकर अपनी तरफ ध्यान आकृष्ट कराएंगी। जिलाधिकारी कुमार रवि ने गुरुवार को गांधी मैदान में झंडोत्तोलन की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए कहा कि दर्शक दीर्घा की तरफ पूर्णरूप से तार का जाली लगा दिया गया है। इस बार परेड ग्राउंड में दर्शक नहीं आ पाएंगे।
जांच के बाद मिलेगा प्रवेश
डीएम ने बताया कि परेड ग्राउंड के चारों तरफ दर्शक दीर्घा बनाया गया है। जांच के बाद ही दर्शकों को गांधी मैदान में प्रवेश मिलेगा। गांधी मैदान के सभी प्रवेश द्वारों पर डीएफएमडी एवं एचएचएमडी लगाने एवं प्रशिक्षित कर्मियों को प्रतिनियुक्त कर प्रवेश करने वाले दर्शकों की जांच की जाएगी।
सुबह सात बजे से शुरू हो जाएगा आगमन
सुबह सात बजे से गांधी मैदान में दर्शकों का प्रवेश प्रारंभ हो जाएगा। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने नजारत उप समाहर्ता को निर्देश दिया कि गांधी मैदान के सभी प्रवेश द्वारों एवं परिसर के अंदर सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था कराएं। गेट एक पर अस्थाई नियंत्रण कक्ष बनाएं। जिलाधिकारी ने गांधी मैदान में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, हाई मास्ट लाइट चालू करने का निर्देश दिया।
सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की जरूरत
जिलाधिकारी ने नगर निगम को गांधी मैदान एवं उसके आसपास की सफाई तथा आवश्यकता पड़ने पर जल छिड़काव समारोह के पूर्व करना सुनिश्चित कराने, गांधी मैदान के पूर्व बाकरगंज नाला की सफाई एवं आंतरिक जल निकासी की व्यवस्था तथा अन्य सफाई की व्यवस्था कराने का निर्देश दिए।
एंबुलेस भी रहेगी उपलब्ध
पीने के पानी के लिए गांधी मैदान में टैंकर एवं वाटर एटीएम की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर गांधी मैदान के चार मुख्य प्रवेश द्वारों एवं जिला नियंत्रण कक्ष में एक-एक एंबुलेंस की प्रतिनियुक्ति, चिकित्सक, चिकित्सा दल तथा आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं के साथ करना सुनिश्चित कराएं।