मंत्री नितिन नवीन की मां पंचतत्व में विलीन; पटना के जनार्दन घाट पर डोम राजा ने मांगा दीघा विधानसभा का टिकट
बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन की दिवंगत मां मीरा सिन्हा पंचतत्व में विलीन हो गईं। पटना के जनार्दन घाट पर बुधवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनका निधन मंगलवार को पटना में हो गया था। वे बीते कुछ समय से बीमार थीं।
पटना, मृत्युंजय मानी। दिवंगत मां के अंतिम संस्कार के लिए शमशान घाट गए बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन (Nitin Nabin) से डोम राजा ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दीघा विधानसभा सीट के लिए बीजेपी के टिकट (BJP Ticket for Digha Assembly Seat) की मांग कर दी। बोले- 'आप मंत्री हैं। हम भी चुनाव लड़ना चाहते हैं। दीघा सीट दिलाने का वादा कीजिए।' नितिन नवीन डोम राजा की मांग सुनकर भौंचक रह गए। बोले, दूसरी मांग कीजिए। लेकिन डोम राजा विधानसभा सीट के टिकट और एक लाख रुपये की जिद पर अड़ गए। इसके बाद बीजेपी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मोर्चा संभाला। अंतत: 11 हजार रुपये पर बात बनी। डोमराजा ने जयकारा लगाया और पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने अपनी मां मीरा सिन्हा को मुखाग्नि दी।
विदित हो कि मंत्री नितिन नवीन की मां मीरा सिन्हा (Meera Sinha) बीजेपी के बड़े नेता रहे नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की पत्नी थीं। वे सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहीं थीं।
मंत्री की मां का एक दिन पहले हो गया था निधन
नितिन नवीन की मां का मंगलवार की सुबह पटना में निधन हो गया था। बुधवार की सुबह उनका अंतिम संस्कार पटना के दीघा सिथत जनार्दन घाट पर किया गया। अंतिम संस्कार के वक्त केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जयसवाल तथा नंदकिशोर यादव सहित कई बीजेपी नेता मौजूद रहे।
डोम समाज को भी है चुनाव लड़ने का अधिकार
मंत्री की मां का शव आया तो दीघा के जर्नादन घाट के डोम राजा विनोद को विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जाग गई। इसके पहले हाल ही में राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (RJD Supremo Lalu Prasad Yadav) के भाई की मृत्यु के बाद मुखाग्नि देते समय नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) से डोम राजा ने दानापुर विधानसभा सीट के लिए आरजेडी का टिकट (RJD Ticket for Danapur Assembly Seat) मांगा था। बाद में विनोद ने कहा कि नितिन नवीन पथ निर्माण मंत्री और बीजेपी में एक हस्ती हैं। अब उनकी मां इस दुनिया से चल बसी हैं। वे चाहेंगे तो दीघा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़वा सकते हैं। विधानसभा चुनाव लड़ने का अधिकार डोम समाज को भी है।
निधन पर शोक व्यक्त करने वालों का लगा तांता
विदित हो कि नितिन नवीन की मां मीरा सिन्हा बीते कुछ समय से बीमार थीं। बीमारी के कारण बीती सुबह उनका निधन हो गया। इसकी जानकारी नितिन नवीन ने सबसे पहले अपने फेसबुक पोस्ट (Facebook Post) के जरिए दी। अपने पोस्ट में उन्होंने मां के लिए भावपूर्ण उद्गार व्यक्त किए तथा उन्हें अपनी प्रेरणा बताया। उनके निधन पर अनेक मंत्रियों व नेताओं तथा आम व खास लोगों ने शोक-संवेदना व्यक्त की। उनके निधन पर शोक व्यक्त करने वालों में उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद भी शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान से आए समाजसेवी द्वारिकाे भाई सुंदरानी का निधन, जमनालाल बजाज पुरस्कार से थे सम्मानित