लड़की से मिलने देर रात उसके घर गया प्रेमी, सुबह फेंकी मिली लाश; प्रेमिका सहित चार गिरफ्तार
प्रेमिका से मिलने गए युवक की पीट-पीटकर फिर गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को बाहर फेंक दिया गया। घटना बक्सर के छपरा गांव की है।
बक्सर [जेएनएन]। युवक अपनी प्रेमिका से मिलने देर रात उसके घर चला गया। उसे वहां देख लड़की के घरवालों का गुस्सा सातवें आसमान पर जा पहुंचा। उन्होंने लाठी-डंडे से पिटाई करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को गांव के बाहर फेंक दिया। सुबह में शव को देख पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। फिर, शव की पहचान के बाद हत्या का राज भी खुल गया। पुलिस ने तत्काल प्रेमिका सहित चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। घर के शेष लोग फरार है।
प्रेमिका के गांव अपनी बुआ के पास आया था युवक
जानकारी के अनुसार बक्सर के धेनुवा डीह गांव के भिखारी यादव का 22 वर्षीय पुत्र मुकेश यादव रांची में रहकर ऑटो चलाता था। लड़की व उसके परिजन भी वहां खटाल चलाते हैं। छठ के मौके पर लड़की अपने घर आई हुई थी। मुकेश उससे मिलने उसके गांव छपरा आया। गांव में उसकी बुआ रहती है।
लाठी-डंडे से पीटा, फिर दबा दिया लगा
बीती रात वह रात में लड़की से मिलने उसके पिता शिव दुलार यादव के घर चला गया। घर में उसे देख लड़की के स्वजनों का गुस्सा भड़क उठा। उन लोगों ने आंगन में ही उसकी लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। जब वह बेहोश हो गया तो गला दबाकर हत्या कर दी तथा साक्ष्य छिपाने के लिए शव को गांव के बाहर रात में ही ठिकाने लगा दिया।
प्रेमिका सहित चार गिरफ्तार
मुकेश जब बुआ के घर नहीं लौटा तो उसके घरवालों ने खोजबीन शुरू की। अगली सुबह बुआ ने शव की पहचान की। आरोपित के घर से मृतक का खून सना गमछा मिलने से मामले का खुलासा हो गया। घर-आंगन में भी खून गिरा मिला। इसके बाद पुलिस ने मृतक की प्रेमिका सहित घर की महिलाओं से पूछताछ की तो उन्होंने घटना को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, घर के पुरुष फरार हो गए।