बिहार: पूर्व मंत्री वृषिण पटेल ने थामा कुशवाहा का दामन, बोले- महागठबंधन को करेंगे मजबूत
बिहार के पूर्व मंत्री वृषिण पटेल ने रविवार को उपेंद्र कुशवाहा का दामन थाम लिया है। पटेल अपने समर्थकों के साथ रालोसपा में शामिल हो गए। कुशवाहा ने कहा कि अब पार्टी और मजबूत होगी
पटना, जेएनएन। पूर्व शिक्षा मंत्री एवं हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वृषिण पटेल रविवार को रालोसपा में शामिल हो गए। रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। पटेल के अलावा 37 अन्य नेताओं ने भी इस मौके पर रालोसपा की सदस्यता ली।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार के बिहार की सत्ता हासिल करने में वृषिण पटेल ने अहम भूमिका निभाई थी। समता पार्टी की स्थापना में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान था, मगर नीतीश कुमार के सत्ता में आने के बाद उनके कई करीबी उनका साथ छोड़ अलग हो गए। वृषिण पटेल भी अलग हुए और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा(हम) में आ गए थे।
पटेल ने कहा कि हम छोडऩे के समय ही उन्होंने घोषणा की थी कि वह महागठबंधन में ही रहेंगे। उनके पास राजद, कांग्रेस और रालोसपा का विकल्प था। रालोसपा को उन्होंने इस कारण चुना, क्योंकि उपेंद्र कुशवाहा ने शिक्षा में सुधार को अपना मुद्दा बनाया हुआ है। जिन अन्य नेताओं ने रालोसपा की सदस्यता ली, उनमें जदयू के अवध किशोर सिंह के अलावा हम के सुभाष चंद्रवंशी, राजेश कुमार गुप्ता, शहनाज बानो, डा. सुजाता, अशोक कुमार गुप्ता, मसूद रजा आदि शामिल हैं। इस मौके पर रालोसपा के राष्ट्रीय महासचिव फजल इमाम मलिक, राजेश यादव आदि भी मौजूद थे।