बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव की जान को खतरा, साजिश करके मारने का है प्लानः पप्पू यादव
जन अधिकार पार्टी (जाप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा है कि एनडीए शासित राज्यों में सबसे ज्यादा गरीबी है। भाजपा की सरकार सिर्फ लोगों को बांटने की राजनीति करती है। इन्हें विकास से कोई लेना देना नहीं है।
राज्य ब्यूरो, पटना : जन अधिकार पार्टी (जाप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने रविवार को बड़ा बयान देते हुए कहा है कि बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव की जान को खतरा है। पूर्व सांसद पप्पू ने कहा है कि लालू का परिवार ही उनकी जान लेना चाहता है। जाप अध्यक्ष ने कहा कि राजद सुप्रीमो सच में बीमार हैं मगर उनका परिवार इलाज के नाम पर राजनीति कर रहा है। पटना में प्रेसवार्ता के दौरान पप्पू ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर भी हमला किया। कहा कि देश में जहां भी एनडीए की सरकार है वहीं गरीबी सबसे ज्यादा है। नीति आयोग के अनुसार बिहार में 51.91 फीसद ,उत्तर प्रदेश में 37.79, मध्यप्रदेश में 36.65 गुजरात में 18.27 फीसद जनसंख्या गरीब है।
पप्पू यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार सिर्फ लोगों को बांटने की राजनीति करती है। इन्हें विकास से कोई लेना देना नहीं है। केरल में मात्र 0.79 फीसद गरीबी है। बिहार विकास के सभी मानकों पर सबसे नीचे है। हमें गरीबी को हटाने के लिए लड़ाई लड़नी होगी। गरीबी के लिए सभी जिम्मेदार हैं। पप्पू ने कहा कि बिहार की बदहाली के लिए राज्य के नेता जिम्मेदार हैं।
लालू परिवार बेरोजगारी की नहीं कर सकता बात
पप्पू ने लालू परिवार पर भी हमला किया। कहा कि राजद सुप्रीमो की फैमिली को बेरोजगारी पर बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। आरजेडी और एनडीए के 30 साल के शासनकाल में बिहार की स्थिति बदहाल हो गई है। बिहार की गरीबी हमसब के लिए अभिशाप है। विगत 40 साल से सभी सरकारों ने गरीबी को बढ़ाया है। जनअधिकार पार्टी बिहार की गरीबी हटाने को लेकर सड़क पर लड़ाई लड़ेगी।
आरएसएस के इशारे पर कुलपति की नियुक्ति
उन्होंने बिहार में विश्वविधालयों में कुलपति की नियुक्ति की सीबीआइ जांच की मांग की और कहा विश्वविधालय में नियुक्ति आरएसएस के इशारे पर हो रही है। दूसरे प्रदेशों से लोगों को बिहार लाकर वीसी बनाया जा रहा है, जिसमें करोडों का लेनदेन होता है। प्रेस वार्ता में राघवेन्द्र कुशवाहा, प्रेमचन्द सिंह, राजेश रंजन पप्पू सहित कई लोग उपस्थित थे।