तबाही का मंजर: पटना में देखते ही देखते जल गयी पूरी फल मंडी, करोड़ों की संपत्ति राख
बिहार की राजधानी पटना में रविवार को बाजार समिति स्थित फल मंडी में भीषण आग लग गई। दो दर्जन से अधिक दुकानों में से एक भी नहीं बची। करोड़ों की संपत्ति के नष्ट होने का अनुमान है।
पटना, जेएनएन। अप्रैल महीने में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण पटना में अगलगी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। रविवार को शहर के अलग-अलग सात स्थानों पर आग से काफी संपत्ति का नुकसान हुआ है। पटना में सबसे बड़ी घटना मुसल्लाहपुर थाना क्षेत्र की बाजार समिति फल मंडी में घटी। यहां दोपहर करीब 3.30 बजे आग लगने से अफरातफरी मच गई। पूरा इलाका काले धुएं से भर गया। घटना की सूचना पर दमकल आग बुझाने पहुंच गई है। अाग लगने से मंडी में रखे केले व फल से निकले पुआल भी जल गए।
लोगों की मानें तो फल मंडी में दो दर्जन से अधिक दुकानें थीं। इन दुकानों में से एक भी नहीं बची है। करोड़ों के नुकसान की खबर है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण भी पहुंच गए हैं। दमकल भी पहुंच गए हैं और आग बुझाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
उधर पटना के नौबतपुर में थाना क्षेत्र के सोहरा किसान गबुदन मोची के घर में आग से सारा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित देर रात अपने खेत के पास सोने चला गया था सुबह जब वापस लौटा तो आग से घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था।
इसी तरह दानापुर के सगुना के पास सुबह आग लगने का मामला सामने आया। यहां गांधी मूर्ति एक के पास दो दुकान और एक झोपड़ी में आग लग गई। यहां हजारों की संपत्ति का नुकसान हुआ। इधर बिहटा की आइआइटी पटना के समीप शॉटसर्किट से आग लग गई। वहीं दोपहर करीब तीन बजे मीठापुर कृषि फर्म में आग लग गई। बड़ी बात ये रही कि पानी की व्यवस्था होने के कारण बड़ी घटना नहीं हुई।