नालंदा में किसान की चाकू गोदकर निर्मम हत्या, अपराधियों ने दोनों आंखें भी फोड़ीं
हिलसा थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव में गुरुवार की देर रात खलिहान में धान की रखवाली कर रहे किसान की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। बदमाशों ने किसान की पहले आंखें फोड़ीं फिर चेहरे पर चाकू से दर्जनों वारकर मौत के घाट उतार दिया।
संवाद सहयोगी, हिलसा (नालंदा): हिलसा थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव में गुरुवार की देर रात खलिहान में धान की रखवाली कर रहे किसान की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। बदमाशों ने किसान की पहले आंखें फोड़ीं फिर चेहरे पर चाकू से दर्जनों वारकर मौत के घाट उतार दिया। सुबह में किसान घर नहीं आए तो स्वजन खलिहान में देखने गए। वहां नेवारी की बनी झोपड़ी में खाट पर उनकी क्षत-विक्षत लाश पड़ी थी। शोर मचाते स्वजन घर की ओर भागे। देखते-देखते गांव वालों की भीड़ जुट गई। इसी बीच पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते डीएसपी कृष्णमुरारी प्रसाद व थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद दल-बल समेत मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान धर्मपुर गांव के स्व. जग्गू गोप के 50 वर्षीय पुत्र नरेश प्रसाद यादव के रूप में हुई है।
प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि किसान के पुत्र ने किसी से विवाद की बात से इनकार किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। नरेश प्रसाद यादव गुरुवार की रात वे खलिहान में रखे धान की रखवाली के लिए नेवारी की झोपड़ी में सो रहे थे। इसी बीच बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी। घटना के संदर्भ में मृतक के बड़े पुत्र उपेंद्र कुमार ने बताया कि गांव में किसी से कोई विवाद नहीं था। कुछ दिन पहले घर की महिलाओं की पड़ोस की महिलाओं से गाली-गलौज हुई थी।
जमीन विवाद मानकर चल रही पुलिस
डीएसपी कृष्णमुरारी प्रसाद व हिलसा थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद ने कहा कि प्रथम दृष्ट्या हत्या की वजह जमीन विवाद हो सकती है। वारदात निर्मम तरीके से की गई है। यह बदला लेने की नीयत बताता है। मामला बेहद गंभीर है। हत्या कज वजह का जल्द ही पर्दाफाश कर लिया जाएगा। हत्यारे गिरफ्त में होंगे।
जमीन को लेकर धर्मपुर में सगे भाई ने गोली मारकर की थी हत्या
हिलसा में बाइपास के लिए जमीन अधिग्रहण के बदले धर्मपुर गांव के किसानों को सरकार से मिली मोटी रकम विवाद की जड़ रही है। एक साल पहले एक किसान को जमीन के बदले एक करोड़ से अधिक रुपये मिले थे। वे अपने दोनों पुत्रों के बीच रकम का बंटवारा नहीं कर रहे थे। इस बीच सगे भाई ने ही पूरी रकम हड़पने के लिए भाई की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के पिता व भाई गिरफ्तार किए गए थे। दूसरी घटना हिलसा शहर के गबड़ापर मोहल्ला में हुई थी। एक युवक की हत्या उसके दोस्त ने ही चाकू से गोदकर कर दी थी। फिर शव को नदी में फेंक दिया था। विवाद रकम के लेन-देन का बताया गया था। तीसरी घटना चंडी थाना क्षेत्र के हासेपुर गांव में हुई थी। पत्नी ने अपने प्रेमी के हाथों पति की हत्या करा दी थी। बाद में महिला व प्रेमी दोनों गिरफ्तार कर लिए गए थे। ताज़ा घटना में भी रिश्तेदारों की संलिप्तता की आशंका है।
इकलौती पुत्री की शादी के पहले पिता की उठी अर्थी
बताया जाता है कि नरेश प्रसाद यादव ने इकलौती पुत्री सकुंती कुमारी की शादी तय कर दी थी। शुक्रवार को ही खलिहान में रखे धान को ओसाने की तैयारी थी। ताकि उसे बेचकर शादी के इंतजाम किए जाते। इससे पहले ही नरेश को बदमाशों ने मार डाला। पत्नी अरुणा देवी बार-बार यही बात कहकर विलाप कर रही है। ग्रामीण भी हतप्रभ हैं कि भोले-भाले नरेश से किसी की ऐसी भी क्या दुश्मनी थी कि निर्मम तरीके से मार डाला। नरेश के दोनों पुत्र उपेंद्र कुमार यादव व नवीन कुमार यादव ने अभी तक किसी पर संदेह नहीं जताया है। इस कारण पुलिस के लिए फिलहाल यह मामला ब्लाइंड केस है।