क्रूरता की हद: ससुराल बुलाकर दामाद की धारदार हथियार से हत्या, नाखून भी उखाड़ डाला
नालंदा में उस समय अफरातफरी मच गई जब कतरीसराय में ससुरालवालों ने युवक काे तेज धारदार हथियार से गर्दन रेत डाला। इसके पहले उसके नाखूनों को उखाड़ दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
नालंदा, जेएनएन। Extent of cruelty Murder of son in law at Sasural in Nalanda by sharp weapon: नालंदा में उस समय अफरातफरी मच गई, जब कतरीसराय में ससुरालवालों ने युवक काे तेज धारदार हथियार से गर्दन रेत डाला। इसके पहले उसके नाखूनों को उखाड़ दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। बताया जाता है कि युवक को झांसे में लेकर ससुराल बुलाया गया और घटना को अंजाम दिया गया।
जानकारी के अनुसार शेखपुरा जिला के शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र अन्तर्गत पांची निवासी बिपिन महतो के 24 वर्षीय पुत्र वीरू कुमार की शादी नालंदा जिला के कतरीसराय थाना अन्तर्गत बरीठ गांव निवासी भीमल महतो की वर्षीय पुत्री उषा कुमारी से वर्ष 2016 में हुई थी। शादी के कुछ महीने बाद दंपती के बीच पत्नी के पागलपन को लेकर विवाद शुरू हो गया। इलाज के साथ परिवारजनों की पहल पर मामला को समझा-बुझाकर शांत किया गया।
कुछ दिन बाद लड़की के पागलपन के मामले फिर तूल पकड़ लिया। विवाद जब काफी बढ़ गया तो एक बार फिर पंचायत की पहल पर शांत हुआ। छह माह पहले भी पंचायत में पांची पंचायत के मुखिया, उपमुखिया तथा सरपंच की मौजूदगी में एक-दूसरे को छोड़ने पर सहमति बन गयी थी, किंतु शनिवार को लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के को किसी बहाने बरीठ गांव लेकर आ गया तथा रात्रि में घटना को अंजाम दिया। शव जिस स्थिति में है, उसे देख साइकोकिलर द्वारा की गई हत्या प्रतीत होता है।
हत्या की जानकारी जब स्थानीय पुलिस को हुई तो थानाध्यक्ष अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आरोपी का घर खाली मिला। सभी आरोपी फरार हो गए है। थानाध्यक्ष अमरेश कुमार सिंह ने बताया कि शव बरामद करते हुए पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया गया है। मृतक के परीजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोप लड़की और उसके भाई पर लगाया जा रहा है।