गांधी सेतु पर जाम खत्म करने की कवायद, अब रात 12 बजे तक पीपा पुल पर चल सकेंगे वाहन
महात्मा गांधी सेतु को वन-वे किए जाने के बाद जाम की समस्या खत्म करने की कवायद में जुटा प्रशासन पीपा पुल को ज्यादा देर तक खोले जाने से सेतु पर घटेगा वाहनों का दबाव सुरक्षा के दृष्टिकोण से रातभर नहीं चलेंगी गाड़ियां
पटना सिटी, जेएनएन। राजधानी पटना और वैशाली को जोड़ने वाले गाय घाट स्थित पीपा पुल पर अब सुबह छह बजे से रात 12 बजे तक वाहनों का परिचालन होगा। छठ को लेकर पीपा पुल पर शुक्रवार से बंद हुआ परिचालन शनिवार की सुबह नौ बजे से शुरू कर दिया गया। महात्मा गांधी सेतु व पीपा पुल पर बहुत कम संख्या में वाहन चलने से यात्रियों के साथ पुलिस-प्रशासन को भी राहत मिली। लाइट की व्यवस्था नहीं होने से हेड लाइट की मदद से गाड़ियां चलेंगी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरी रात वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकेगी। महात्मा गांधी सेतु को मरम्मत के लिए करीब डेढ़ साल तक के लिए वन-वे कर दिया गया है। इससे वाहनों का दबाव पुल पर बढ़ गया है।
रोशनी की व्यवस्था नहीं है पीपा पुल पर, हेडलाइट का रहेगा सहारा
गंगा थानाध्यक्ष एसके पंकज ने बताया कि हाजीपुर क्षेत्र के तेरसिया घाट तक पुलिस की तैनाती की गई है। रोशनी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर पूरी रात पीपा पुल पर परिचालन जारी रखना संभव नहीं है। वहीं, पीपा पुल निर्माण कंपनी के निदेशक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि गांधी सेतु से पीपा पुल की दूरी इस बार अत्यधिक होने के कारण सेतु पर लाइट लगाने का लाभ वाहनों को नहीं मिल सकेगा। लाइट लगा पाना भी संभव नहीं है।
कल से बढ़ सकता है गांधी सेतु पर दबाव, छठ के बाद गांव से लौटेंगे लोग
गांधी सेतु पर तैनात पुलिसकर्मियों का कहना है कि छठ पर्व के बाद लौटने वाले लोगों की संख्या बढऩे से एक बार फिर से गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव बढ़ेगा। इससे निपटने के लिए तैयारियां कर ली गई हैं। अतिरिक्त पुलिसबल के अलावा दोनों ओर वाहन मैकेनिक व क्रेन की तैनाती की गई है, ताकि सेतु के पश्चिमी लेन पर वाहन के खराब होते ही उसे तुरंत हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू किया जा सके।