भाजपा में शामिल हुए महाचंद्र सिंह, भूपेंद्र यादव ने दिलाई पार्टी की सदस्यता
पूर्व मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के संस्थापक सदस्य महाचंद्र प्रसाद सिंह और प्रदेश कांग्रेस नेता विनोद शर्मा शनिवार को सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए।
पटना, राज्य ब्यूरो। पूर्व मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के संस्थापक सदस्य महाचंद्र प्रसाद सिंह और प्रदेश कांग्रेस नेता विनोद शर्मा शनिवार को सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार प्रभारी भूपेन्द्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, विधान पार्षद नवल किशोर यादव, उपाध्यक्ष देवेश कुमार की मौजूदगी में इन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
महाचंद्र प्रसाद सिंह को भाजपा की सदस्यता दिलाने भूपेन्द्र यादव विशेष विमान से पटना आए। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी चुनाव दौरे को स्थगित कर कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय को भी कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन हेलीकाॅप्टर में तकनीकी खराबी के चलते वे विलम्ब से पहुंचे।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि महाचंद्र बाबू 36 साल बिहार विधान परिषद के सदस्य रहे। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से इतने लम्बे समय तक एमएलसी रहना मामूली बात नहीं है। उनके भाजपा में शामिल होने से पार्टी को ताकत मिलेगी। उन्होंने कहा पिछले 28 मार्च से लगातार मैं चुनाव प्रचार में हूं। नरेंद्र मोदी के पक्ष में 2014 के चुनाव में भी ऐसी लहर नहीं थी, जो आज है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल में भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार किया है। पहले सरकारी योजनाओं का लाभ बिचौलिया उठा लेते थे। अब डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से राशि सीधे खाते में जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लूट बंद होने से बौखला गई है। भीड़ से बचने के लिए पाॅकेटमार जैसे चोर चोर चिल्लाता है, राहुल गांधी भी वैसे ही प्रधानमंत्री के खिलाफ चिल्ला रहे हैं। बिहार भाजपा के प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने कहा कि यह दो धाराओं के बीच का चुनाव है। एक वर्ग देश को पारदर्शी तरीके से आगे ले जाने की कोशिश कर रहा है। दूसरा वर्ग वह है, जिसने पचास साल से देश को गर्त में ढकेला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने संकल्प लिया है कि 2023 में जब देश आजादी की 75 वीं जयंती मनाए, देश में कोई परिवार ऐसा नहीं रहे जिसका अपना मकान न हो और जिसके घर में गैस की आपूर्ति न होती हो।