एनडीए के साथ रहने वाले हर राजनीतिक दल को देना होगा जवाब: तुषार गांधी
लोकतंत्र खतरे में आ गया है। दूसरी आजादी सस्ते में नहीं मिलेगी। उक्त बातें महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी ने कही। वे गांधी मैदान में आयोजित एनआरसी व सीएए की रैली को सम्बोधित कर रहे थे।
पटना। लोकतंत्र खतरे में आ गया है। दूसरी आजादी सस्ते में नहीं मिलेगी। इसके लिए एकजुटता के साथ लड़ना पड़ेगा। मुल्क की जेहन में एनडीए सरकार जहर डाल रही है। उक्त बातें महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी ने कही। वे गुरुवार को गांधी मैदान में आयोजित संविधान बचाओ रैली को सम्बोधित कर रहे थे। तुषार गांधी ने कहा कि एनडीए के साथ रहने वाले सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को जवाब देना पड़ेगा। एनआरसी, सीएए एनपीआर का सबसे ज्यादा खतरा गरीबों पर है। इस दौरान एनआरसी, सीएए, एनपीआर वापस लो के नारे से गांधी मैदान गूंजते रहा।
नर्मदा बचाओ आंदोलन की नेत्री मेधा पाटकर ने कहा कि गोड्सेवादी नीति नफरत फैला रही है। एनआरसी, एनपीआर, सीएए के नाम पर देशभर में हिसा फैल गई है। तानाशाह तरीके से शाहीनबाग के आंदोलन को कुचला जा रहा है।
कन्नन गोपीनाथ ने कहा कि नागरिक ही देश में सरकार चुनती हैं। अब एनडीए सरकार कानून बनाकर नागरिकों का चयन करेगी। एनआरसी और एनपीआर को वापस लेना होगा। केंद्र की सरकार को गिराकर कानून वापस कराया जाएगा। नफरत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आंदोलन में महिलाएं हैं, जीत जरूर होगी।
सदर जफर ने कहा कि भाजपा वाले भाषण देने लगे कि एनआरसी पूरे मूल्क में लागू होगा। मुसलमानों को डरने की जरूरत नहीं है। ऐसा क्यों कहा गया। डरने की जरूरत हर नागरिक को है। नागरिकता के लिए कागज नहीं दिखाना है।
जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के छात्र सैयद शाहनवाज ने कहा कि रोजगार, शिक्षा और इलाज जैसे मुद्दों से भटकाने के लिए एनआरसी, एनपीआर, सीएए जैसे मुद्दे लाए गए हैं। धर्म और जाति के नाम पर राजनीति नहीं चलेगी।
जेएनयू की पूर्व उपाध्यक्ष सारिका चौधरी ने कहा कि दिल्ली में हिन्दू-मुस्लिम एकजुट हो गए हैं। सांप्रदायिक राजनीति नहीं चलने दी जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार में शिक्षा की बेहतर व्यवस्था रहती तो पढ़ाई के लिए बच्चों को बाहर नहीं जाना पड़ता।
सबनम हासमी ने कहा कि जन-गण-मन यात्रा की कामयाबी गांधी मैदान में दिख रही है। कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता अवधेश सिंह ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री चालाक हैं। विपक्ष के दबाव और बिहार की जनता का मूड भांपकर विधानसभा में एनआरसी लागू नहीं करने का प्रस्ताव पारित करा दिए। नीतीश की चाणक्य बुद्धि नहीं चलने दी जाएगी।
भाकपा के सत्यनारायण सिंह ने कहा कि वाम जनवादी और धर्म निरपेक्ष मोर्चा बनाकर एनडीए को सत्ता से हटाना पड़ेगा। भाकपा माले के विधायक महबूब आलम ने कहा कि एनडीए सरकार मुसलमानों पर निशाना साधकर चुक गई है।
सामाजिक कार्यकर्ता रूपेश ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि एनपीआर, एनआरसी और सीएए के खिलाफ देश आंदोलनरत है। विधायक अब्दुल रहमान ने कहा कि आजादी की लड़ाई में मुसलमानों का कम योगदान नहीं है।