ज्यादा जरूरत होने पर ही पहुंचें अस्पताल, ओपीडी में नहीं मिलेंगे डॉक्टर, जानें आज की हलचल
Events in Patna Today आज पटना में कई महत्वपूर्ण आयोजन हैं। हालांकि आज की सबसे महत्वपूर्ण गतिविधि डॉक्टरों की हड़ताल है जिसका सीधा असर आम आदमी पर पड़ेगा। यहां आप आज पटना में होने वाली सभी जरूरी आयोजनों की जानकारी हासिल कर सकते हैं।
पटना, जेएनएन। आज पटना में कई महत्वपूर्ण आयोजन हैं। हालांकि आज की सबसे महत्वपूर्ण गतिविधि डॉक्टरों की हड़ताल है, जिसका सीधा असर आम आदमी पर पड़ेगा। यहां आप आज दिनभर की महत्वपूर्ण हलचलों की जानकारी हासिल कर सकते हैं। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने शुक्रवार को कार्य बहिष्कार की घोषणा की है। इसमें निजी व सरकारी चिकित्सक भी शामिल हो रहे हैं। ऐसे में ज्यादा जरूरत होने पर ही अस्पताल जाना श्रेयकर रहेगा। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से शुक्रवार की सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक कार्य बहिष्कार किया जाएगा। आयुर्वेदिक चिकित्सकों को शल्य चिकित्सा प्रक्रिया करने की अनुमति देने के खिलाफ इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने देशव्यापी कार्य बहिष्कार की घोषणा की है।
राज्य के सभी अस्पतालों में ओपीडी बंद रहने का दावा
आइएमए नेताओं ने दावा किया कि राज्य के सभी मेडिकल कॉलेज, सरकारी अस्पताल व निजी क्लीनिक की ओपीडी बंद रहेंगी। इस दौरान केवल इमरजेंसी व कोविड मरीजों का ही उपचार हो सकेगा। आइएमए के अध्यक्ष डॉ. सहजानंद प्रसाद सिंह ने बताया, आइएमए का कार्य बहिष्कार पूरे देश में है। इसका व्यापक असर रहेगा। उनके बहिष्कार का ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ गवर्नमेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन व भासा ने भी समर्थन दिया है। उन्होंने कहा, उनका आयुर्वेद से कोई झंझट नहीं है। जिन्हें जो प्रशिक्षण मिलता है, जो सिलेबस है, उसके अनुसार कार्य होना चाहिए। भासा नेता डॉ. रंजीत कुमार ने बताया कि सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों में कार्य बहिष्कार रहेगा।
बहिष्कार के दौरान कार्य करेंगे आयुर्वेद चिकित्सक
आइएमए के कार्य बहिष्कार के दौरान आयुर्वेद चिकित्सक सेवा पर तैनात रहेंगे। विश्व आयुर्वेद परिषद की बिहार इकाई के डॉ. अशोक कुमार दुबे ने कहा, आइएमए के कार्य बहिष्कार के दौरान मानवता की रक्षा के लिए आयुर्वेद डॉक्टर तैनात रहेंगे। संगठन के राष्ट्रीय सचिव वैद्य शिवादित्य ठाकुर ने कहा, कार्य बहिष्कार के दौरान वैकल्पिक चिकित्सा व्यवस्था हेतु विश्व आयुर्वेद परिषद सहित आयुर्वेद के सभी संगठन तैयार हैं।
डेंटल क्लीनिक भी रहेंगे बंद
इंडियन डेंटल एसोसिएशन के सचिव डॉ. कुमार मानवेंद्र ने बताया, राज्य के निजी व सरकारी सभी क्लीनिक में डेंटल क्लीनिक बंद रहेंगे। एक्स-रे, जांच घर, नर्सिंग होम में भी सेवाएं बंद रहेंगी।
कार्यक्रम :
- बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद की ओर से ग्रीन हाउस गैस के उत्सर्जन को लेकर समझौता पत्र पर हस्ताक्षर कार्यक्रम, बिहार राज्य प्रदूूषण सभागार में, सुबह 11:00 बजे
- पटना नगर निगम की सशक्त समिति की बैठक, नगर निगम कार्यालय परिसर में, सुबह 11:30 बजे
- रंग कर्मी प्रवीण स्मृति सम्मान नाट््य उत्सव-2020 की ओर से हुलहुलिया नाटक का मंचन, प्रेमचंद्र रंगशाला में, शाम 6:30 बजे