Events in Patna Today: मौनी अमावस्या पर स्नान व पूजा आज, खेल रत्नों को भी सम्मानित करेगी सरकार
Events in Patna Today राजधानी पटना में आज बिहार की खेल प्रतिभाओं को राज्य सरकार सम्मानित करेगी। मौनी अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालु नदियों में स्नान व पूजा करेंगे। पटना में आज क्या है खास जानिए इस खबर में।
पटना, जागरण संवाददाता। Events in Patna Today पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में आज बिहार खेल सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। आज मौनी अमावस्या है। इस अवसर पर श्रद्धालु नदियों में स्नान व पूजा- भी करेंगे। राजधानी में गुरुवार को और भी कई कई कार्यक्रम होने जा रहे हैं।
बिहार खेल सम्मान समारोह
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग व बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से गुरुवार को पाटलिपुत्र खेल परिसर में बिहार खेल सम्मान 2020-21 का आयोजन किया जाएगा। इसमें अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले बिहार के खिलाड़ियों को खेल मंत्री आलोक रंजन, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, प्रधान सचिव खेल रवि परमार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक दिनेश सिंह बिष्ट सम्मानित करेंगे। पाटलिपुत्र खेल परिसर में इसका आयोजन किया गया है।
मौनी अमावस्या पर स्नान-पूजा
गुरुवार को मौनी अमावस्या है। सनातन धर्म में माघ मास की अमावस्या को मौनी अमावस्या कहते हैं। गुरुवार को श्रवण नक्षत्र में मौनी अमावस्या पर श्रद्धालु बिना कुछ बोले गंगा में आस्था की डुबकी लगा कर ऋषि मनु का मनन कर पूजा-अर्चना करेंगे।
बीपीएससी ने मांगी आपत्ति
बिहार लोक सेवा आयोग ने सहायक वन संरक्षक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा के सामान्य ज्ञान एवं वानिकी एवं पर्यावरण विषयों की परीक्षा के आंसर-की जारी कर दी है। आयोग के संयुक्त सचिव सह परीक्षा नियंत्रक अमरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों विषयों के प्रश्न पुस्तका श्रृखंला में किसी भी औपबंधिक उत्तर पर किसी भी तरह की आपत्ति हो तो वे प्रमाणिक साक्ष्य के साथ 25 फरवरी तक आपत्ति दर्ज करा सकते है। यह परीक्षा दो दिसंबर को आयोजित की गई थी। इसमें चार ग्रुप के प्रश्न पुस्तिका में अभ्यर्थियों से प्रश्न दिए गए थे।