बिहार: पूर्व इंजीनियर पर चला ईडी का डंडा, 88 लाख की संपत्ति को लिया कब्जे में
ईडी का डंडा पीएचईडी के पूर्व कार्यपालक अभियंता रामाधार राम पर चला। ईडी ने बुधवार को रामाधार राम की 88.61 लाख रुपए की संपत्ति जब्त कर ली। रामाधार पर पद का दुरुपयोग करने का आरोप
पटना, राज्य ब्यूरो। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का डंडा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के पूर्व कार्यपालक अभियंता रामाधार राम पर चला। ईडी ने बुधवार को रामाधार राम की करीब 88.61 लाख रुपए की संपत्ति जब्त कर ली है। रामाधार राम पर आरोप है कि इन्होंने 1979 से लेकर 2013 के दौरान अपने पद का दुरुपयोग करते हुए गैर वाजिब तरीके से आय से अधिक करीब 88 लाख रुपए की संपत्ति अर्जित की। उसी संपत्ति को जांच के बाद बुधवार को ईडी ने अपने कब्जे में ले लिया है।
सिवान निवासी रामाधार राम पर पद का दुरुपयोग किए जाने के साक्ष्य मिलने पर 2013 में मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू हुई। जांच के क्रम में पाया गया कि रामाधार ने अपने और परिवार के नाम पर बड़ी मात्रा में चल-अचल संपत्ति अर्जित की है। रामाधार और उनके परिवार के बैंक खातों में बड़ी रकम जमा की गई और उससे निकासी की गई। अपने वेतन एकाउंट में भी उन्होंने बड़ी रकम प्राप्त की।
रामाधार ने 2013-14 में इनकम टैक्स रिटर्न भी नहीं जमा किया। जिसके बाद आर्थिक अपराध इकाई ने इनकी संपत्ति की जांच की। जिसके बाद उन्होंने इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल किया। परिवार के नाम पर रामाधार राम जो इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल किया उसमें भी फर्जी कागजात का प्रयोग किया गया। तमाम जांच की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ईडी ने मामले की चार्जशीट 2017 में दायर की। अब ईडी ने उनकी संपत्ति जब्त कर ली है। आगे की जांच प्रक्रिया अभी जारी है।