आसमान में धूल का गुबार, मानसून के लिए एक सप्ताह का इंतजार
पटना : राजधानी के आसमान में गुरुवार को दिन भर धूल का गुबार छाया रहा। धूल की परत ऐसी थी कि सूरज भी छि
पटना : राजधानी के आसमान में गुरुवार को दिन भर धूल का गुबार छाया रहा। धूल की परत ऐसी थी कि सूरज भी छिपा रहा। मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान से चली धूलभरी आंधी से उत्तरी भारत के मैदानी भाग के आकाश धूल से भर गए हैं। इसका व्यापक असर पटना समेत सूबे के अधिकांश हिस्सों में देखा जा रहा है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एसके पटेल ने कहा कि गुरुवार की सुबह चार बजे तक तेज पछुआ हवा चली है, जिससे प्रदेश का आकाश धूल से भर गया है। पश्चिमी देशों से आने वाली हवा राजस्थान के रेगिस्तान से गुजरने के दौरान धूल से भर जा रही है। वही हवा दिल्ली, उत्तर प्रदेश एवं बिहार पहुंच रही है। बारिश के बाद ही धूल से राहत
वैज्ञानिकों का कहना है कि जब तक सूबे में भारी बारिश नहीं होगी, तब तक धूल भरी हवा से राहत नहीं मिलने वाली है। हालांकि प्रदेश में फिलहाल मानसून की बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। प्रदेश में मानसून आने में एक सप्ताह का वक्त लग सकता है। स्थानीय कारणों से कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। फिर 40 डिग्री के पार जाएगा पारा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 16 जून से प्रदेश में तल्ख धूप के साथ तापमान में वृद्धि होगी। गया, औरंगाबाद, नालंदा, राजगीर, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी और पटना का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना है। 20 जून तक तापमान में वृद्धि जारी रहेगी। इसके बाद ही बारिश होने पर गर्मी व उमस से राहत मिलेगी। 37 डिग्री रहा पटना का तापमान
पटना का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। उत्तर-पूर्व बिहार में प्री-मानसून की बारिश
गुरुवार को उत्तर-पूर्व बिहार में कई जगहों पर प्री-मानसून की बारिश हुई। गुरुवार को पूर्णिया में 0.4 एमएम और भागलपुर में 2 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। मधुबनी, चंपारण, किशनगंज, शिवहर, दरभंगा, सीतामढ़ी और सुपौल में कई जगहों पर गरज के साथ छींटे पड़े। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को पटना, भागलपुर, पूर्णिया और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है। सांस व दमा के मरीज रहें सावधान
राजधानी के आसमान में धूलकणों की बढ़ी मात्रा सांस व दमा के मरीजों के लिए आफत बनकर आई है। फेफड़े संबंधी मरीजों की संख्या बढ़ सकती है। दमा के मरीजों को सांस लेने में दिक्कत हो सकती है, ऐसे में उन्हें विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।