बिहार में फिर मानवता शर्मसार: शव को नोचते रहे कुत्ते, देखते रहे लोग; मीडिया की पहल पर जागा प्रशासन
बिहार में एक बार फिर मानवता शर्मसार हो गई। गोपालगंज में एक शव को आवारा कुत्ते घंटों नोचते रहे लेकिन राहगीरों को इससे कोई मतलब नहीं रहा। इसके पहले भी ऐसे मामले सामने आए हैं।
पटना/गोपालगंज, जेएनएन। बिहार में एक बार फिर मानवता शर्मसार हो गई। गोपालगंज में एक शव को आवारा कुत्ते घंटों नोचते रहे, लेकिन राहगीरों को इससे कोई मतलब नहीं रहा। बाद में मीडियाकर्मियों की पहल पर प्रशासन जागा और शव को उठवाया तथा पोस्टमार्टम कराया। गोपालगंज के लिए यह कोई नई बात नहीं है। इसके पहले 2015 में इसी तरह का वाकया सामने आया था। इसके पहले बेगूसराय में 2016 में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना हुई थी। शव को कुत्ते नोचते रहे, लेकिन आने-जाने वाले लोगों को इससे कोई मतलब नहीं था।
गाेपालगंज के नगर थाना क्षेत्र का मामला
बिहार के गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र के भीतभेरवां गांव के समीप नहर में दो दिन से एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। आवारा कुत्ते शव को नोचते रहे व खाते रहे, लेकिन उधर से गुजरने वाले राहगीरों को इससे कोई मतलब नहीं रहा। बुधवार को जब मीडिया कर्मियों को इसकी जानकारी हुई तो मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
तब पुलिस ने कराया अंतिम संस्कार
बताया जाता है कि सदर प्रखंड के भीतभेरवां गांव के आसपास एक व्यक्ति भीख मांगता था। दो दिन पहले वह इस गांव के सूखी नहर में गया था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। इस व्यक्ति की मौत होने के बाद दो दिनों तक नहर में शव पड़ा रहा। जब आवारा कुत्तों द्वारा इसे नोचने की जानकारी मीडिया ने पुलिस को दी, तब प्रशासन जागा। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने इसे अज्ञात मानते हुए शव का अंतिम संस्कार करा दिया।
2015 में भी गोपालगंज में ऐसा ही आया था मामला
गौरतलब है कि गाेपालगंज में यह कोई पहला मामला नहीं है। इसके पहले 2015 में ऐसी ही मानवता को शर्मसार करनेवाली घटना सामने आई थी। उस समय सदर अस्पताल परिसर में किसी ने नवजात बच्चे का शव फेंक दिया था। उसे कुत्ते ने नोच खाया। कुत्ते शव को नोचते रहे, लेकिन वहां मौजूद लोग उदासीन बने रहे। बाद में इसकी जानकारी स्वास्थ्य कर्मियों को मिली, तब जाकर ने शव को वहां से हटाया गया।
2016 में बेगूसराय में सामने आई थी घटना
इसी तरह का मामला बेगूसराय में सामने आया था। 2016 के दिसंबर माह में यह घटना हुई थी। बेगूसराय के नगर परिषद बस स्टैंड के समीप कोहरे के कारण सड़क हादसे में विदेशी महिला की मौत हो गई थी। वह भूटान की रहनेवाली थी। महिला के शव को पोस्टमार्टम हाउस के सामने खुले आसमान के नीचे रखा गया था। इसी बीच, कुछ लावारिस कुत्ते वहां पहुंच गए और शव को नोचने लगे। हालांकि, नजर पड़ते ही वहां मौजूद लोगों ने कुत्तों को हटाया। मीडिया में खबर आने के बाद प्रशासन जागा था।