बिहार: पटना की लड़की को अगवा कर पांच दिनों तक दुष्कर्म, भागने लगी तो किया ये हाल
बिहार में यह दुष्कर्म की नई वारदात है। पटना की एक लड़की को अगवा कर उसके साथ पांच दिनों तक गंदा काम किया गया। पूरा मामला जानिए इस खबर में।
पटना [जेएनएन]। क्या पटना में लड़कियाें का ऑटो पर चलना खतरनाक बन गया है? ऑटो चालकों द्वारा एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा है कि एक लड़की को अगवा कर उसके साथ पांच दिनों तक दुष्कर्म का मामला सामने आ गया है। इस बीच जब लड़की ने भागने की कोशिश की तो उसे मारपीट कर कमरे में बंद कर दिया गया। बाद में पुलिस ने पहुंचकर उसे मुक्त कराया।
पटना से खगड़िया ले जा पांच दिनों तक दुष्कर्म
पटना के हवाई अड्डा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग लड़की को एक ऑटो चालक पटना से खगड़िया ले गया और वहां पांच दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मोबाइल के लोकेशन के आधार पर लड़की को बरामद किया। पूछताछ में लड़की ने घटना का खुलासा किया।
मोबाइल लोकेशन के आधार पर हुई बरामदगी
लड़की के मोबाइल से पता चला कि वह किसी राहुल कुमार नाम के शख्स से फोन पर बात करती थी। पुलिस ने राहुल के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की, फिर इसी आधार पर छापेमारी कर उसे बरामद कर लिया।
भागने का प्रयास किया तो कर दिया बंद
लड़की ने बताया कि राहुल उससे जबरन फोन पर बात करता था। राहुल को उसने पहले कभी नहीं देखा था। बीते 17 जून को राहुल पटना के राजा बाजार पहुंचकर उसे जबरन कार में बिठा लिया। फिर उसे लेकर खगड़िया चला गया। राहुल ने उसे होटल व निजी घरों में रखकर पांच दिनों तक दुष्कर्म किया। इस बीच जब उसने भागने का प्रयास किया तो उसे मारपीट कर कमरे में बंद कर दिया और पहरा लगा दिया गया।
दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
मामले के आइओ नवीन कुमार सिंह ने बताया कि लड़की के बयान के आधार पर राहुल पर दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस राहुल समेत अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट लेगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप