Bihar Crime: भोजपुर में नाबालिग लड़की ने लगाया सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, एसपी ने कही बड़ी बात
Bihar Crime बिहार के भोजपुर में एक नाबालिग लड़की ने अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। हालांकि एसपी हरकिशोर राय इससे इत्तफाक नहीं रखते। उन्होंने पूरे मामले को खारिज कर दिया है। क्या है मामला जानिए इस खबर में।
भोजपुर, जागरण संवाददाता। Bihar Crime एक नाबालिग लड़की ने सामूहिक दुष्कर्म (Dirty Act) की एफआइआर दर्ज कराई है। हालांकि, जिले के एसपी हरकिशोर राय ने सामूहिक दुष्कर्म के आरोप को गलत करार दिया है। घटना बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। इस मामले में पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए थाना पहुंचे शाहपुर के राष्ट्रीय जनता दल के विधायक राहुल तिवारी (RJD MLA Rahul Tiwary) की शाहपुर के प्रशिक्षु डीएसपी से बहस भी हो गई। बाद में जगदीशपुर के एसडीपीओ श्याम किशोर रंजन और एसडीओ सीमा कुमारी ने थाने पहुंच कर माहौल को शांत किया।
अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
बताया जाता हैं कि शाहपुर के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी करीब 11 बजे गांव के बाहर शौच के लिए गई थी। आरोप है गांव के ही दो स्कूटर पर सवार लड़कों ने उसे अगवा कर लिया। इसके बाद लड़की को खेत में लग गए। इस दौरान अन्य लड़के भी वहां पहुंच गए। सभी ने लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
सूचना देने पर भी नहीं पहुंची पुलिस
बाद में लड़की जब घर पहुंची, तब उसने स्वजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद शाहपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, सूचना दिए जाने के बावजूद जब पुलिस गांव नहीं पहुंची तब स्वजन उसे लेकर खुद थाने गए।
विधायक ने पुलिस कार्यशैली पर जताई नाराजगी
घटना की जानकारी मिलने पर शाहपुर के आरजेडी विधायक राहुल तिवारी शाहपुर थाने पहुंचे और पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने जगदीशपुर की एसडीएम सीमा कुमारी व एसडीपीओ श्याम किशोर रंजन से घटना की जानकारी ली। इसके पश्चात विधायक ने पीड़िता के घर पहुंचकर मुलाकात की। विधायक राहुल तिवारी ने कहा कि यह घटना समाज के लिए काफी चिंताजनक है।
ब्वाॅयफ्रेंड की पिटाई से नाराज होकर लगाया आरोप- एसपी
इस मामले में ट्विस्ट तब आया जब एसपी हरकिशोर राय ने सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट में भी दुष्कर्म की बात सामने नहीं आई है। एसपी ने कहा कि घटना के महज 12 घंटे के अंदर सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर मामले की सच्चाई सामने ला दी है। बताया कि लड़की को रंग लगाने के लिए दूसरे गांव से उसका ब्वाॅयफ्रेंड अपने कुछ दोस्तों के साथ आया था। गांव के कुछ लड़कों ने उसकी पिटाई कर दी थी। इस क्रम में लड़की को भी दो-चार थप्पड़ मारा गया था। इससे नाराज होकर लड़की ने सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज करा दिया।