Move to Jagran APP

बिहार में नए नगर निकायों के गठन में उप मुख्यमंत्री, मंत्री व विधायकों की खूब चली

उप मुख्यमंत्री रेणु देवी व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल का गृह क्षेत्र बेतिया नगर निगम शहर बन गया। वहीं संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी का विधानसभा क्षेत्र मुख्यालय सरायरंजन और श्रम संसाधन मंत्री जीवेश मिश्रा का विधानसभा क्षेत्र मुख्यालय जाले नगर पंचायत शहर में शुमार हो गया।

By Akshay PandeyEdited By: Published: Sun, 27 Dec 2020 08:38 AM (IST)Updated: Sun, 27 Dec 2020 08:38 AM (IST)
बिहार में नए नगर निकायों के गठन में उप मुख्यमंत्री, मंत्री व विधायकों की खूब चली
बिहार की उप मुख्यमंत्री रेणु देवी। जागरण आर्काइव।

राज्य ब्यूरो, पटना: बिहार में नए नगर निकायों के गठन में माननीयों की खूब चली। उप मुख्यमंत्री रेणु देवी के अलावा कई मंत्रियों और विधायकों का शहर आने वाले दिनों में तरक्की की नई इबारत लिखेगा। उप मुख्यमंत्री रेणु देवी व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल का गृह क्षेत्र बेतिया नगर निगम शहर बन गया। वहीं, संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी का विधानसभा क्षेत्र मुख्यालय सरायरंजन और श्रम संसाधन मंत्री जीवेश मिश्रा का विधानसभा क्षेत्र मुख्यालय जाले नगर पंचायत शहर में शुमार हो गया। इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री और हम प्रमुख जीतन राम मांझी का विधानसभा क्षेत्र मुख्यालय भी अब नगर पंचायत क्षेत्र बन गया है।

loksabha election banner

नित्यानंद राय का गृह शहर हाजीपुर नगर निगम नहीं बन पाया

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय का संसदीय क्षेत्र उजियारपुर का मुख्यालय समस्तीपुर भी नगर निगम शहर में शुमार हो गया है। हालांकि तमाम पात्रता रखते हुए नित्यानंद राय का गृह शहर हाजीपुर नगर निगम नहीं बन पाया। वैशाली जिले का हाजीपुर जिला मुख्यालय है, लेकिन उसे सरकार ने क्षेत्र विस्तार तक सीमित कर दिया। भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के प्रभारी राधा मोहन सिंह भी अपने शहर को नगर निगम बनाने में कामयाब रहे। कई विधायकों की भी खूब चली। खासकर शहरी क्षेत्र वाले विधायकों का विशेष जलवा देखने को मिला।

तीन सौ हो जाएगी नगर निकायों की संख्या

गौरतलब हो कि राज्य की नीतीश कुमार सरकार ने बिहार में नगर निकायों की संख्या बढ़ा दी है। अब ये तीन सौ हो जाएगी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में शनिवार को हुई कैबिनेट बैठक में सरकार ने मंजूरी दी।  103 नगर पंचायत आठ नए नगर परिषद और पांच नये नगर निगम बनाने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा 32 नगर पंचायत को अपग्रेड कर नगर परिषद शहर बनाने की बात पर मुहर लगी है। सरकार के इस पहल के बाद 148 नये नगर निकायों के गठन का रास्ता साफ हो गया। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.