महिला आयोग अध्यक्ष ने लगाई फटकार तो डीईओ ने बदला स्कूल का समय
महिला आयोग ने लगाई फटकार तो डीईओ ने स्कूल का समय बदला।
पटना। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने राजकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय राजेंद्र नगर का शुक्रवार को निरीक्षण किया। आयोग को यह शिकायत मिली थी कि विद्यालय में एक ही समय में छात्र-छात्राओं की कक्षा ली जा रही है। जबकि उनके लिए पर्याप्त शौचालय व अन्य आवश्यक संसाधन नहीं हैं। यही नहीं विद्यालय में बिहार पुलिस के जवान ठहरे हुए हैं। निरीक्षण में शिकायत सही मिलने पर आयोग की अध्यक्ष दिलमणी मिश्रा ने डीईओ से फोन पर बात कर फटकार लगाई। तब डीईओ ने तुरंत शिफ्ट चेंज कर कक्षा संचालन के लिए आदेश जारी करने की बात कही। इसके बाद पूर्व की तरह मॉर्निग व डे शिफ्ट में पढ़ाई का आदेश जारी हुआ।
आयोग की अध्यक्ष दिलमणी मिश्रा शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे विद्यालय पहुंच गईं। वहां देखा कि विद्यालय परिसर में बिहार पुलिस के जवान स्नान कर रहे हैं, वहीं से छात्राएं भी गुजर रही हैं। ग्राउंड फ्लोर पर पुलिस का कब्जा है। जबकि दूसरे फ्लोर पर बालक विद्यालय के साथ-साथ बापू स्मारक बालिका उच्च विद्यालय की भी छात्राएं पढ़ने के लिए कक्षा में बैठी हैं। विज्ञान के समय गणित वाले छात्र-छात्राएं बैठे रहते हैं तो गणित के समय विज्ञान वाले। शिक्षकों ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर पर स्कूल में पुलिस के रहने के कारण बच्चों को एक साथ बैठाना पड़ा। इसके बाद आयोग की अध्यक्ष ने पुलिस बल को स्कूल से हटाने के लिए एसएसपी व जिलाधिकारी को निर्देश देने की बात कही।
चार घंटे में आठ घंटे की पढ़ाई
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि राजेंद्र नगर स्थित राजकीय बालक उच्च विद्यालय में सुबह की सत्र में छह बजे से 10 बजे तक एक स्कूल की कक्षाएं संचालित होती हैं। दूसरी शिफ्ट में 10 बजे से शाम चार बजे तक स्कूल का संचालन होता है। ऐसे में सुबह की शिफ्ट में बच्चों की पढ़ाई पूरी नहीं होती। इसके बाद दोनों स्कूलों को एक साथ अटैच किया गया था। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस को ठहरने के लिए जगह दी गई है।